उछल-कूद करती चुहिया बाइक में घुसी, बाहर नहीं निकल सकी तो युवक ने गाड़ी के पुर्जे निकाले
ग्वालियर में एक चुहिया का रेस्क्यू चर्चा का विषय बना हुआ है। इसमें नन्हीं चुहिया फूल बाग चौराहे के पास खड़ी एक बाइक के पुर्जों में घुस गई। इसके बाद उसे निकलने का रास्ता नहीं मिल रहा था। गाड़ी मालिक युवक विक्रम प्रजापति ने जब चुहिया को परेशान होते देखा तो उसने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। विक्रम ने टूल किट निकालकर सीट, टंकी, बैटरी, कवर सहित अन्य पुर्जे एक—एक कर खोल डाले। 55 मिनिट पुर्जे खोलने का काम चला।
इसके बाद पांच मिनिट तक फिर उसके बाहर निकलने का इंतजार किया गया। चुहिया फुदकती हुई बाहर निकल आई। इसके बाद विक्रम से उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया। यह पूरा वाक्या बुधवार का है। जब सोशल मीडिया पर ऑपरेशन इंसानियत नाम से वीडियो वायरल हुआ तो रेस्क्यू चर्चा में आ गया। विक्रम ने बताया कि वह पशु—पक्षी प्रेमी है।
इसके अलावा बुधवार को भगवान गणेश का दिन रहता है। चूहा भगवान गणेश का वाहन माना जाता है। इसलिए उन्होंने आस्था और कर्म का ध्यान रखते हुए यह रेस्क्यू चलाया। उन्हें इस बात की खुशी है कि वह नन्हें जीव की जान बचा सके। अगर हम किसी की जान बचाने में सहायक हो सके तो यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है।