सागर-पुलिस जनसंवाद में क्यों उठा एलिवेटेड कॉरिडोर का मुदृदा? देखिए क्या बोली सागर की जनता

 

आमजनता में सुरक्षा और विश्वास का भाव उत्पन्न कर गुंडे—बदमाशों पर नकेल कसने के उदृदेश्य से रविवार को प्रदेशभर में पुलिस जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सागर जिले के सभी थानों में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक जनसंवाद हुआ। गोपालगंज थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में एसपी अभिषेक तिवारी शामिल हुए।

 

 

इसमें बस स्टैंड से लेकर चकराघाट तक बनाए गए एलिवेटेड कॉरिडोर पर हो रहीं घटनाओं को लेकर लोगों ने चिंता जताई। पिछले डेढ़ महीने में कॉरिडोर से गिरने के तीन मामले सामने आ चुके हैं। कार्यक्रम में मौजूद कपिल स्वामी ने सुझाव दिया कि सागर में तालाब पर बने एलिवेटेड कॉरिडोर पर घटनाएं बढ़ रही हैं। इसलिए सुरक्षा के लिहाज से कॉरिडोर की बाउंड्री पर जाली लगवाई जाना चाहिए। साथ ही सूचना बोर्ड लगाए जाना चाहिए।

 

 

ताकि घटनाओं को रोका जा सके। जरुरत से ज्यादा आटो और रिक्शा चलने से ट्रैफिक व्यवस्था बाधित होने की बात भी सामने आई। इसके अलावा डिग्री कॉलेज के आसपास पुलिस गश्त कराने की बात कही। लाल स्कूल चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस का पाइंट लगाने का सुझाव रखा गया। कुछ क्षेत्रों में रात के समय शराबखोरी होने की सूचना भी पुलिस को दी गई।

 

 

 

लोगों के सुझाव सुनने के बाद एसपी तिवारी ने कहा कि पुलिसकर्मी और पुलिस थाना आम जनता के लिए ही हैं। पुलिस हमेशा जनता की मदद और सुरक्षा के लिए मुस्तैद है। किसी को भी कहीं गलत कार्य होते दिखता तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि आज के कार्यक्रम में रखे गए सभी सुझावों को गंभीरता से लिया जाएगा।

 

 

 

एसपी तिवारी चौकी कर्रापुर और थाना बहेरिया के जनसंवाद में भी पहुंचे। थाना राहतगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस उप महानिरीक्षक अनिल कुमार जैन शामिल हुए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव उइके, अतरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर लोकेश सिन्हा समेत सभी ​अधिकारियों ने अलग—अलग थानों में जनता से संवाद किया।


By - sagartvnews
04-Mar-2024

YOU MAY ALSO LIKE

Sagartvnews subscribe on youtube



NEWSLETTER

सागर टीवी न्यूज़ से सबसे पहले न्यूज़ लेने के लिए अभी अपना ईमेल डालें और सब्सक्राइब करें
Sagar TV News.