सागर-भाजपा की सरकार में भाजपा पार्षदों पर FIR ने पकड़ा तूल, चेकिंग के विवाद से संकट में SP

 

सागर-भाजपा की सरकार में भाजपा पार्षदों पर FIR ने पकड़ा तूल, चेकिंग के विवाद से संकट में SP

एसपी हटाओ, सागर बचाओ
पुलिस तानाशाही के गूंजे नारे?

सागर जिले में बेलगाम अपराधों और पुलिस कार्यप्रणाली से अभी तक जनता ही परेशान थी। अब भाजपा के राज में भाजपा के ही पुराने गढ़ में भाजपा के कार्यकर्ता भी खुद को असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। एक दिन पहले चेकिंग के दौरान हुई पुलिसकर्मियों से कहासुनी पर बीजेपी के एक पार्षद और एक पार्षद पति पर एफआईआर होने से भाजपाईयों के सब्र का बांध टूट गया। शुक्रवार की सुबह बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। चंद्रा पार्क से एसपी आॅफिस तक मुख्यमार्गाें पर एसपी अभिषेक तिवारी को हटाने और तानाशाही बंद करने संबंधी तल्ख नारे लगाए। इस दौरान जमकर एसपी हटाओ सागर बचाओ के नारे भी गूंजते रहे। कटरबाजों से, शराब माफियाओं से, अपराधियों से, सटोरियों से सेटिंग बंद करो व अवैध वसूली बंद करो के नारे भी लगते रहे। एसपी आॅफिस के दरवाजे पर भी एसपी हटाओ सागर बचाओ के नारे लगते रहे। सागर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने पुलिस द्वारा दलित पार्षद धर्मेंद्र खटीक और दलित नेता विशाल खटीक के घर फिर से अभद्रता करने का मामला सामने रखा। उन्होंने परिजनों से अभद्रता और अपराधियों की तरह किए गए बरताव की घोर भर्त्सना की। चंद्रशेखर वार्ड पार्षद मेघा दुबे ने वार्ड में जिलाबदर अपराधी के खुलेआम शराबखोरी और गुंडागर्दी की शिकायत पर कार्रवाई न होने पर चिंता जताई। भाजपा नेता श्याम तिवारी ने कहा सागर ध्वस्त पुलिस व्यवस्था के कारण अपराध का ग्राफ ऐतिहासिक तेजी से बढ़ रहा है। अन्य पदाधिकारियों ने भी सागर की ध्वस्त कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने दर्ज प्रकरण में खात्मा लगाने तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। इसके बाद उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। इस दौरान महापौर प्रतिनिधि डॉ सुशील तिवारी, जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया, युवा मोर्चा अध्यक्ष यश अग्रवाल सहित पार्टी के पदाधिकारी और पार्षद मौजूद रहे। अपनी ही सरकार में पुलिस पर भाजपाइयों द्वारा लगाए जा रहे गंभीर आरोपों से जनता भी अवाक रह गई। एक तरफ तो भाजपा सुशासन के दावे कर रही है दूसरी तरफ उनके ही पदाधिकारी सुशासन को कटघरे में खड़े कर रहे हैं। हालात इस कदर हो गए हैं कि सरकार को उनके ही लोग आइना दिखा रहे हैं। अब देखना यह है कि एसपी हटाने के इन नारों की गूंज सरकार के कानों तक पहुंचेगी या कार्यकर्ताओं को ही बैकफुट पर लौटना पड़ेगा।


By - sagartvnews
16-Feb-2024

YOU MAY ALSO LIKE

Sagartvnews subscribe on youtube



NEWSLETTER

सागर टीवी न्यूज़ से सबसे पहले न्यूज़ लेने के लिए अभी अपना ईमेल डालें और सब्सक्राइब करें
Sagar TV News.