सागर-मौसम ने फिर ली करवट, धूप गायब, पारा गिरा, ठंड फिर सताने तैयार
मौसम का फिर बदला मिजाज बादल छाए, ठंडी हवाएं चलीं
सागर-मौसम ने फिर ली करवट, धूप गायब, पारा गिरा, ठंड फिर सताने तैयार
सागर में मौसम का मिजाज फिर बदल गया है। जैसे-तैसे कड़ाके की ठंड से राहत मिली थी। दो-तीन दिन से तेज धूप पड़ने लगी थी। मंगलवार की सुबह से ही आसमान में बादल छा गए। धूप न निकलने से ठंड फिर बढ़ गई। ठंडी हवाओं से लोग कांपते नजर आए। आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहना है। बताया जाता है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से सागर के मौसम में बदलाव आया है। मंगलवार को जब लोग सुबह सो कर उठे तो आसमान में घने बादल छाए दिखे। हल्का कोहरा भी छाया हुआ था। इस दौरान सागर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम पारा 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फरवरी माह की शुरुआत से दिन में धूप और रात में हल्की ठंड का दौर सागर में चल रहा था। दिन में धूप के असर से ठंड गायब हो गई थी। लेकिन मंगलवार को बादल छाने और ठंडी हवाएं चलने से फिर लोगों को दिन में हल्की ठंड का अहसास हुआ। मौसम विभाग के अनुसार अलग.अलग स्थानों पर सक्रिय वेदर सिस्टम के चलते मौसम में उतार.चढ़ाव का दौर जारी है। तापमान में परिवर्तन के साथ सुबह हल्की गुलाबी ठंड महसूस हो रही है। पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ते ही हवाओं का रुख बदलेगा और 6 फरवरी के बाद पारा गिरने से ठंड बढ़ेगी। कुछ दिनों के बाद वापस तापमान में बढ़ोतरी होने का अनुमान है। इसी के साथ प्रदेशभर में रात के पारे में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। कुछ दिनों के बाद एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। जेट स्ट्रीम भी चलेगी। इससे प्रदेश में मौसम का मिजाज फिर से बदल जाएगा।