सागर-28 गांव के लोग मिलकर निकालते हैं कांवड़ यात्रा। फूल-माला पहनाकर किया श्वान का स्वागत।

 

मालथौन ब्लॉक के करीब 28 गांव के डेढ़ सौ लोग पिछले 15 साल से लगातार कांवड़ यात्रा निकाल रहे हैं। लोग नर्मदा के विभिन्न तीर्थ स्थलों पर वाहनों से जाकर स्नान करते हैं और फिर पैदल कांवड़ लेकर वापस लौटते हैं। कभी अमरकंटक, कभी बरमान से जल लाकर सिद्ध स्थल पर बड़ा आयोजन होता है।

 

 

इस बार संक्रांति पर लोगों ने नर्मदापुरम होशंगाबाद जाकर सेठानी घाट पर नर्मदा स्नान किया और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। वहां से 300 किमी की पैदल यात्रा कर कांवड़ में जल लेकर पैदल वापस लौटे। यहां लौटने पर सभी भक्तों का जोरदार स्वागत हुआ। खुरई से करीब 30 किमी दूर रजवांस रोड़ पर स्थित हल्के ठाकुर बाबा चौका खुर्द बंगेला बम्हौरी में सिद्ध स्थान से आसपास के करीब एक सैकड़ा गांव के लोग श्रद्धा रखते हैं।

 

 

बड़ी संख्या में भक्त यहां आते हैं। पंद्रह साल पहले सुमेरदास महाराज महात्यागी ने श्रद्धालुओं को पवित्र नदियों का जल लाने कांवड़ यात्रा की सलाह दी। इसे सभी ने मान लिया। तभी से यह सिलसिला अनवरत जारी है। कांवड़ यात्रा आयोजक धनी धरमदास महात्यागी महाराज ने बताया कि कावड़ में लाया गया जल बंगेला के ठाकुर बाबा मंदिर में रखा जाएगा।

 

 

इसके बाद मंदिर परिसर में 29 फरवरी से 14 मार्च तक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें महाशिवरात्रि पर आयोजित किए जाने वाले शिवलिंग निर्माण में कांवड़ जल का उपयोग कर पूजन और मूर्ति प्राण—प्रतिष्ठा का कार्यक्रम किया जाएगा। कांवड़ यात्रा में शामिल एक श्वान की भक्ति भी ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बनी है।

 

 

 

दरअसल जब कांवड़ आते समय विदिशा से निकली तो एक श्वान साथ हो लिया। उसे लोगों ने बहुत भगाया लेकिन वह नहीं माना। वह भी पैदल चलते-चलते गांव लौटा है। उसका भी स्वागत माला पहनाकर किया गया। कांवड़ यात्रियों ने बताया कि अब वह सिद्ध स्थल पर ही रहेगा।

 

 

 

कावड़ यात्री अजय कुमार यादव ने बताया कि जब लोग जल लेकर लौट रहे थे तो विदिशा से एक कुत्ता पीछे-पीछे आने लगा। उसे कई बार भगाया लेकिन वह नहीं भागा और साथ में आ गया। अब वह मंदिर में ही रहेगा।


By - sagartvnews
23-Jan-2024

YOU MAY ALSO LIKE

Sagartvnews subscribe on youtube



NEWSLETTER

सागर टीवी न्यूज़ से सबसे पहले न्यूज़ लेने के लिए अभी अपना ईमेल डालें और सब्सक्राइब करें
Sagar TV News.