सागर-स्त्री रोग विशेषज्ञ और डॉक्टर पति ने क्यों उठाया ऐसा कदम ? हर कोई हैरान, पुलिस कर रही जांच।

 

डॉक्टर दंपती का ये क्या हुआ हाल
कर्ज थी वजह या कुछ और

सागर-स्त्री रोग विशेषज्ञ और डॉक्टर पति ने क्यों उठाया ऐसा कदम ? हर कोई हैरान, पुलिस कर रही जांच।


सागर जिले के बीना से एक दुखद खबर सामने आई है। इसमें सरकारी अस्पताल बीना में पदस्थ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ मंजू कैथौरिया और कुरवाई सरकारी अस्पताल में पदस्थ उनके पति डॉक्टर बलवीर कैथौरिया की बॉडी शनिवार की सुबह घर में मिली है। पति डॉ बलवीर पंखे से लटकते पाए गए जबकि पत्नी डॉ मंजू बिस्तर पर पड़ी मिलीं। डॉक्टर दंपती का निवास बीना की नंदन वाटिका में है। घर के दरवाजे खुले हुए थे। घटना के पीछे के कारण फिलहाल अज्ञात हैं। दो साल पहले ही दंपती की बेटी ने घर में आत्मघाती कदम उठा लिया था।

 

अब परिवार में केवल एक बेटा है जो पटना में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है। डॉक्टर ने एक दिन पहले ही बेटे को फोन कर बीना बुलाया था। रात करीब 11 बजे डॉक्टर और बेटे के बीच मोबाइल पर बात हुई थी। सुबह 7 बजे जब बेटा घर पहुंचा तो घर का नजारा देख दंग रह गया। इतनी बड़ी घटना से वह गहरे सदमे में है। डॉक्टर बलवीर कैथौरिया पूर्व में भाजपा से नगर पालिका अध्यक्ष का चुनाव भी लड़ चुके थे। राजनीति में काफी सक्रिय रहते थे। प्रदेश के कई कदृदावर नेताओं से उनके संबंध थे। कुरवाई के पहले वे मंडीबामौरा और बीना सरकारी अस्पताल में पदस्थ थे। बीना में रहते कई विवादों से घिरे रहे। डॉक्टरों के आपसी विवाद रहे। एक नर्स ने डॉक्टर कैथौरिया पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए अस्पताल में ही जहरीला पदार्थ खा लिया था। डॉक्टर का कहना रहता था कि वे अस्पताल को सुधारना चाहते हैं।

 

यह मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। बाद में डॉक्टर बलवीर को विभाग ने निलंबित कर दिया था। उन्होंने भी कुछ डॉक्टरों एवं कर्मचारियों की शिकायतें कर रखी थीं और उनके खिलाफ भी शिकायतें हुईं। फिलहाल वे कुरवाई में पदस्थ थे। बेटी के निधन के बाद दंपती तनाव में रहने लगे थे। कुछ समय से वे अस्पताल भी नहीं जा रहे थे। डॉक्टर मंजू कैथौरिया की भी डॉक्टरों और कर्मचारियों से अनबन रहती थी। सूचना मिलते ही शनिवार सुबह ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को मौके से मिले साक्ष्यों से कर्ज में होने के चलते आत्मघाती कदम उठाने की आशंका लग रही है। सागर से पहुंची एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। मौके पर नींद का इंजेक्शन भी मिला है। एक डॉक्टर दंपती के ऐसे कदम से हर कोई हैरान है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम की तैयारी कर रही है। पुलिस के मुताबिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।


By - sagartvnews
20-Jan-2024

YOU MAY ALSO LIKE

Sagartvnews subscribe on youtube



NEWSLETTER

सागर टीवी न्यूज़ से सबसे पहले न्यूज़ लेने के लिए अभी अपना ईमेल डालें और सब्सक्राइब करें
Sagar TV News.