गोली मारने वाले आरोपी का मकान जमींदोज,प्रशासन ने बुलडोजर से गिराया | sagar tv news |
आरोपियों का मकान बुलडोजर से गिराए जाने की मांग को लेकर मृतक परिजनों सहित ग्रामीणों ने डाकखाना चौराहा पर जाम लगा दिया। छतरपुर जिले के बिजावर में हुए इस प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने अपनी जमकर नाराजगी दिखाई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने उनको समझाइश दी और इसके बाद वे माने। करीब दो घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। वाहन चालक परेशान हुए। बताया जा रहा है कि पुलिस ने मुख्य आरोपी के मकान को जमींदोज कर दिया है।
इस दौरान मौके पर पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी और भारी पुलिस बल मौजूद रहा। गौरतलब है कि बीते दिन सरकारी जमीन पर स्टे लाने के विवाद के चलते एक 30 साल के युवक कल्लू उर्फ अमजद पर फायरिंग कर मर्डर कर दिया गया था।
इस मामले में 5 लोगों को मुख्य आरोपी बनाया गया था, जिसमें इम्तियाज बैग मुख्य आरोपी था। इस मामले में छतरपुर एसपी अमित सांघी ने बताया कि मुख्य आरोपी के मकान को जमींदोज़ किया गया है।
आरोपी के मकान का कुछ हिस्सा वन विभाग तो कुछ हिस्सा राजस्व की शासकीय जमीन पर बना हुआ था। इसी के चलते वह मकान गिराया गया है। इस दौरान मौके पर पुलिस बल के अलावा स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे।