किसी ने कहा गजक का नाम कांग्रेस है, फिर ऊर्जा मंत्री ने गजक पर चलाया हथौड़ा
ग्वालियर- मध्यप्रदेश सरकार में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने ग्वालियर में गजक कूटी। उन्होंने गजक पर खूब हथौड़े चलाए। मंत्री के इस अंदाज पर हाल ही के दिनों में कांग्रेस छोड़कर BJP में शामिल हुए नरेंद्र सलूजा ने चुटकी ली। मंत्री दौरे पर थे, किसी ने बता दिया कि गजक का नाम कांग्रेस है। बस क्या था मंत्री ने जमकर कूट दिया। तोमर भी कभी कांग्रेस में रहे हैं। 2020 में सिंधिया के BJP में जाने पर उन्होंने भी BJP जॉइन कर ली थी। मंत्री आज सुबह 6 बजे भोपाल से ग्वालियर आए। नंगे पैर किलागेट पहुंचे। यहां लोगों के साथ चबूतरे पर बैठकर चर्चा की। सुबह का समय था और ठंड भी थी। इस दौरान सड़क किनारे बैठे लोगों के साथ ऊर्जा मंत्री ने अलाव भी तापा। चाय की चुस्कियों के बीच लोगों से हाल-चाल जाना। पूछा कोई परेशानी तो नहीं है। अपने क्षेत्र की तीन सड़कें बनने तक मंत्री ने जूते-चप्पल त्याग दिए हैं। वे तीन महीने से नंगे पैर ही आ-जा रहे हैं। किलागेट पर टहलते समय ऊर्जा मंत्री एक घर में पहुंचे। यहां गजक बनाने के लिए कारीगर गजक कूट रहे थे। यह देखकर ऊर्जा मंत्री से रहा नहीं गया। पहले उन्होंने गजक बना रहे कारीगरों से बातचीत की और फिर उनका लकड़ी का हथौड़ा लेकर उनके साथ गजक बनाने में अपना योगदान दिया। अपने साथ आए लोगों को गजक भी खिलाई।