खेत में बनी डबरी में नहाने के दौरान दो चचेरी बहने समां गई
सागर जिले के खुरई के निवारी गांव में मजदूरी करने आये मजदूरों के परिवारों की दो छोटी बच्चियां सोमवार की दोपहर को खेत में बनी डबरी में डूब गई थी। जिनमें से एक बच्ची का शव कुछ ही घंटों में ग्रामीणों ने निकाल लिया था। जबकि दूसरी बच्ची का शव करीब 24 घंटे बाद डबरी में तैरता हुआ मिला। जिसका शव पोस्टमार्टम के लिए मंगलवार की दोपहर को स्थानीय सिविल अस्पताल लाया गया था। परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक खिमलासा थाना के निवारी गांव में फसल काटने ललितपुर जिले के नाराहट थाने के दौलतपुर गांव से मजदूरों के परिवार की दो बच्चियां नहाने के इरादे से गई थी और पानी में डूब गई। दोनों चचेरी बहनें हैं। इनमें से एक 8 साल की पूजा सहरिया का शव ग्रामीणों ने निकाल लिया था लेकिन 10 साल की पार्वती सहरिया का शव करीब 24 घंटे बाद पानी में तैरता हुआ मिला। परिजनों ने बताया कि जिस दिन यह घटना हुई उसी दिन पूरा परिवार फसल कटाई पूरी करने के बाद अपने गांव लौट रहा था। तभी यह दुखद घटना घट गई। खिमलासा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी हैं।