MP | एसपी-कलेक्टर देखते रहे दो गावों के बीच पथराव में 20 लोग घायल इस प्रेम कहानी जुड़ा है आयोजन
छिंदवाड़ा के पांढुर्ना और सावरगांव पक्ष के बीच मंगलवार सुबह से ही गोटमार मेला जारी है। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में दोनों ही तरफ से एक-दूसरे पर पथराव किए जा रहे हैं। सुबह 6 बजे ही सावरगांव और पांढुर्ना पक्ष के लोगों ने मां चण्डी की पूजा के बाद नदी में झंडा लगाया। इसके तुरंत बाद यहां दोनों तरफ से लोगों ने पत्थर बरसाना शुरू कर दिया। लगभग 20 लोग इस पत्थरबाजी में घायल हो गए, जिनका इलाज किया जा रहा है। गोटमार मेला स्थल पर SP विवेक अग्रवाल और कलेक्टर सौरभ सुमन मौजूद हैं। साथ ही अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मोर्चे पर तैनात किए गए हैं। किवदंती है कि सावरगांव की एक आदिवासी कन्या को पांर्ढुना के किसी लड़के से प्रेम हो गया था। दोनों ने चोरी छिपे प्रेम विवाह कर लिया। पांर्ढुना का लड़का अपने दोस्तों के साथ सावरगांव पहुंच गया। यहां लड़की को भगाकर अपने साथ ले जा रहा था। उस समय जाम नदी पर पुल नहीं था। नदी में पानी भरा हुआ था।सावरगांव गांव के लोगों को जब यह घटना पता चली तो वे नदी पार कर रहे प्रेमी जोड़े और उसके दोस्तों पर पत्थर बरसाने लगे। जानकारी मिलने पर पहुंचे पांर्ढुना गांव के लोगों ने भी जवाब में पथराव शुरू कर दिया। पांर्ढुना और सावरगांव के बीच इस पत्थरों की बौछार से प्रेमी जोड़े की जाम नदी में ही मौत हो गई।प्रेमी जोड़े की मौत के बाद दोनों पक्षों के लोगों को अपनी शर्मिंदगी का एहसास हुआ। दोनों के शव को उठाकर किले पर मां चंडिका के दरबार में ले जाकर रखा और पूजा-अर्चना करने के बाद दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस घटना की याद में मां चंडिका की पूजा-अर्चना कर गोटमार मेले का आयोजन किया जाता है।