पाकिस्तान से रिहा हुए सागर का प्रहलाद सिंह,हाथ में दो थैले लेकर भारत वापस आये || STVN INDIA ||
मध्यप्रदेश के सागर जिले से करीब 23 साल पहले लापता हुआ प्रहलाद सिंह राजूपत सोमवार को पाकिस्तान की जेल से रिहा होकर वतन लौट आया है। सोमवार शाम अमृतसर के अटारी बॉर्डर पर पाक सेना ने प्रहलाद सिंह को भारतीय सेना के हवाले कर दिया। इसके बाद प्रहलाद को सागर पुलिस और उसके छोटे भाई वीर सिंह ने रिसीव किया। बाॅर्डर पर कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। प्रहलाद की घर वापसी के दौरान वे अपने साथ हाथों में दो थैले लेकर और कुर्ता पहनकर लौटे हैं। जैसे ही, बॉर्डर पर छोटे भाई वीर सिंह ने बड़े भाई को देखा तो दोनों फफक पड़े। दोनों भाई 23 साल के लंबे अंतराल के बाद मिले। प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस प्रहलाद को रवाना होगी। मंगलवार तक वह सागर पहुंचेंगे। 33 साल की उम्र में प्रहलाद घोषी पट्टी घर से लापता हो गए थे। इसके बाद परिवार वालों ने तलाश किया, लेकिन नहीं मिले। इसी बीच वह पाकिस्तान पहुंच गए और पाकिस्तान ने पकड़कर जेल में बंद कर दिया। तभी से वह पाकिस्तान की जेल में कैद थे। सागर पुलिस और भारत सरकार के प्रयासों के बाद वे 56 साल की उम्र में अपने वतन लौट आए हैं।