चांदी का खजाना लूटने ग्रामीणों में मची लूटमार ! || SAGAR TV NEWS ||
शिवपुरी जिले में पचावली गांव के पास सिंध नदी में चांदी के सिक्के बहकर आ गए। विक्टोरिया छाप चांदी के सिक्के 280 साल पुराने बताए जा रहे हैं। सिक्कों के लिए ग्रामीणों में लूटमार मच गई। करीब 6 घंटे बाद पुलिस को खबर लगी। मौके पर पहुंचने पर लोग गायब हो गए। घटना रविवार की है। तेज बहती नदी में लोगों के इस तरह जान जोखिम में डालने पर पुलिस जवान को तैनात करना पड़ा है। सोमवार को भी ग्रामीण नदी के दूसरे घाटों पर सिक्के तलाश रहे हैं। पचावली गांव में गोपाल दांगी का सिंध नदी के घाट किनारे पुराना घर है, जिसकी पिछली दीवार बाढ़ में ढह गई। गांव के चार-पांच युवक घर का सामान उठाने के लिए नदी में उतर गए। नदी में युवकों को चांदी के सिक्के मिलने लगे। खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई और लोग सिक्के लूटने के लिए नदी में गोते लगाने लगे। रन्नौद थाना पुलिस पचावली पहुंची, तब तक लोग भाग गए।