त्योहारों से पहले पुलिस का एक्शन, गुंडा-बदमाशों की परेड कर दी सख्त चेतावनी
मध्य प्रदेश के सागर संभाग के दमोह में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस अलर्ट मोड पर है। कोतवाली पुलिस ने थाना परिसर में सूचीबद्ध गुंडा-बदमाशों और निगरानी अपराधियों की परेड कराई। इस दौरान आदतन अपराधियों को सख्त चेतावनी दी गई कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अशांति फैलाने या संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने पर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दमोह पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन में 14 अक्टूबर को यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने सूचीबद्ध बदमाशों को थाना परिसर में बुलाकर परेड कराई।
इस दौरान थाना स्तर पर आदतन अपराधियों और निगरानी बदमाशों के रिकॉर्ड यानी डोजियर भी अपडेट किए गए, ताकि उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और जरूरत पड़ने पर समय रहते कार्रवाई की जा सके। नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडेय और थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बदमाशों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी त्योहारों के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखें। किसी भी अप्रिय घटना, विवाद या अशांति फैलाने वाली गतिविधि में शामिल नहीं हों। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संबंधित बदमाशों को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई से जुड़े लाल नोटिस भी दिए गए। पुलिस ने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या असामाजिक गतिविधियों में शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। इसके लिए असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरती जा रही है। दमोह पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकना और लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। अब पुलिस की निगरानी और सख्ती से त्योहारों में शांति व्यवस्था बनाए रखने पर जोर रहेगा।