देवी पंडाल में गाने बजाने पर विवाद, युवक की हत्या और फिर आरोप गिरफ्तार
मध्य प्रदेश के सागर सागर संभाग के टीकमगढ़ में देवी पंडाल में मोबाइल पर गाने बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। मंगलवार देर रात हुए विवाद में 22 वर्षीय युवक राजेंद्र वंशकार की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। गंभीर हालत में परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी कैलाश अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना टीकमगढ़ के देहात थाना क्षेत्र की भगतनगर कॉलोनी की है। पुलिस के मुताबिक, देवी पंडाल में मोबाइल से गाने बजाने को लेकर राजेंद्र वंशकार और कैलाश अहिरवार के बीच विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि कैलाश अपने मोबाइल से गाने बजाने की जिद कर रहा था। इसी बात पर कहासुनी बढ़ गई।
आरोप है कि गुस्से में कैलाश अपने घर से तलवार लेकर आया और राजेंद्र पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में राजेंद्र के सिर, पीठ और हाथ पर गंभीर चोटें आईं। अधिक खून बहने के कारण उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
जिला अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर अश्वनी बामोरिया के मुताबिक, युवक के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए कई गहरे घाव थे। वहीं, देहात थाना प्रभारी चंद्रजीत यादव ने बताया कि मृतक और आरोपी के घर आसपास ही हैं। मामले में दोनों के बीच पुराने विवाद की बात भी सामने आई है।
पुलिस ने घटना के बाद कार्रवाई करते हुए आरोपी कैलाश अहिरवार को मंगलवार रात ही गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। बुधवार को मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। देवी पंडाल में गाने बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद एक युवक की मौत का कारण बन गया। अब पुलिस जांच में घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा होने की उम्मीद है।