Sagar - रसोई में काम कर रही थी पत्नी, अचानक आई जोरदार आवाज, दौड़ लगाकर भागी...
सागर के मकरोनिया थाना क्षेत्र में रचना मेडिकल के पास गुरुवार शाम एक घर में फ्रिज के कंप्रेसर में जोरदार ब्लास्ट होने से आग लग गई। आग की चपेट में आने से घर का सामान जल गया। प्रारंभिक तौर पर हादसे में काफी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, विपुल मिश्रा के घर में शाम के समय उनकी पत्नी रसोई में काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। धमाके से घबराकर वह घर से बाहर की ओर दौड़ीं। परिवार के अन्य सदस्यों ने देखा तो फ्रिज में आग लगी हुई थी। इसके बाद तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
विपुल मिश्रा के मुताबिक, उन्होंने करीब दो साल पहले ही फ्रिज खरीदा था। इसके बावजूद अचानक कंप्रेसर में जोरदार ब्लास्ट हुआ और फ्रिज में आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण घर में रखा सामान भी इसकी चपेट में आ गया, जिससे काफी नुकसान हुआ है।
घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फ्रिज के कंप्रेसर में ब्लास्ट के बाद आग लगने की इस घटना ने घरेलू इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।