NDPS केस मामले में विवाद, आरोपी की पत्नी ने पुलिस पर फर्जी केस में फंसाने के लगाए आरोप,IG-SP से शिकायत !
NDPS केस के एक मामले में विवाद का मामला सामने आया है आरोपी की पत्नी ने पुलिस पर फर्जी केस में फंसाने समेत मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही iG और Sp से निष्पक्ष जांच किये जाने की मांग की है। मामला एमपी के रीवा जिले का है। जहां बिछिया थाना पुलिस की कार्रवाई को लेकर विवाद सामने आया। महिला का कहना है की बीते 11 अक्टूबर की शाम पुलिस उनके मकान से पांच लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले गई थी। बाद में तीन लोगों को छोड़ दिया। जबकि दो के खिलाफ गांजे से संबंधित मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया। परिजनों ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
आरोपी जावेद अहमद की पत्नी सालेहा बेगम से मिली जानकारी के मुताबिक 11 अक्टूबर को शाम करीब सात बजे वह अपने पति के साथ मकान की मरम्मत का काम करवा रही थी। तभी बिछिया थाना पुलिस वहां पहुंची। मौके पर जावेद अहमद के अलावा सुमित सोनी निवासी उपरहटी, समीर खान निवासी बिछिया, राहुल मिश्रा निवासी अमिलकी और शिबू खान निवासी बिछिया भी मौजूद थे। आरोप है की पुलिस ने सभी की तलाशी ली। लेकिन उन्हें कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। इसके बाद पुलिस पांचों लोगों के मोबाइल फोन लेकर उन्हें पूछताछ के लिए थाने ले गई। महिला का दावा है की घटनास्थल और थाने के सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। सालेहा बेगम का आरोप है की उनके पति के साथ मारपीट की गयी। देर रात उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। सालेहा ने घटनास्थल से लेकर थाने तक के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराये जाने की मांग की, जिससे पुलिस की कार्रवाई और घटना से जुड़े तथ्यों का पता चल सकता है।
मामले में परिजनों ने IG और SP को आवेदन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की। फिलहाल आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
एडिशनल एसपी भावना मरावी का कहना है की वीडियो फुटेज और आरोपों की जांच की जा रही है।