Sagar -अग्निवीर भर्ती में MP-CG की 204 लड़कियां दौड़ीं, 128 बेटियों को मिली सफलता
सागर की इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज में सेना भर्ती कार्यालय ग्वालियर द्वारा आयोजित वार्षिक अग्निवीर भर्ती रैली का 14 अक्टूबर को समापन हो गया। भर्ती रैली के 13वें और अंतिम दिन महिला मिलिट्री पुलिस (WMP) के पदों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। इसमें मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की महिला अभ्यर्थियों ने उत्साह, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ भाग लिया।
महिला मिलिट्री पुलिस भर्ती के अंतिम दिन कुल 204 महिला अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। शारीरिक दक्षता परीक्षा के तहत आयोजित दौड़ में 128 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की। यह कुल उपस्थित अभ्यर्थियों का 62.75 प्रतिशत है। दौड़ में सफल अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल होंगी।
01 अक्टूबर से प्रारंभ हुई यह अग्निवीर भर्ती रैली 14 अक्टूबर तक संचालित की गई। जिला प्रशासन, सागर और सेना भर्ती कार्यालय, ग्वालियर के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया गया। रैली के दौरान विभिन्न चरणों में अभ्यर्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए भर्ती प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित किया गया।
सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों और उनके परिजनों से अपील की है कि भारतीय सेना में भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और योग्यता आधारित है। भर्ती में किसी भी प्रकार की दलाली, बिचौलियों या अनुचित साधनों के लिए कोई स्थान नहीं है।
कार्यालय ने अभ्यर्थियों को आगाह किया है कि वे किसी भी व्यक्ति के झांसे में न आएं और भर्ती में चयन कराने के नाम पर किए जाने वाले दावों पर भरोसा न करें। भर्ती प्रक्रिया से संबंधित जानकारी के लिए केवल सेना के अधिकृत माध्यमों पर ही विश्वास करें। सेना भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट किया कि चयन निर्धारित मानकों और अभ्यर्थियों की योग्यता के आधार पर ही किया जाता है।