पेंशन कार्ड अपडेट के नाम पर ठगे 6 लाख, आरोपी को 15 सौ किमी से दबोच लाई पुलिस, 5 लाख बरामद
पेंशन कार्ड अपडेट के नाम पर एक व्यक्ति से 6 लाख रूपये ठग लिए गए थे। मामले में पुलिस को अब बड़ी सफलता हाथ लगी है जहां बिहार से आरोपी को दबोच लिया गया है। साथ ही पांच लाख रूपये भी बरामद किये गए हैं। साइबर ठगी के खिलाफ एमपी के देवास जिले की पुलिस को ये सफलता मिली है।
बताया जा रहा है की कोतवाली थाना अंतर्गत भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) से सेवानिवृत्त 62 साल के मनोहर लाल सिलोदिया के साथ साइबर ठगी की गई थी। ठगों ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर पेंशन कार्ड अपडेट करने के साथ टैक्स में छूट दिलाने का झांसा दिया। और 6 लाख 3 हजार रुपए ठग लिए गए। शिकायत पर पुलिस ने E-जीरो एफआईआर दर्ज की एसपी के निर्देश पर टीम गठित की गयी। जहां बैंक खातों में हुए लेनदेन, मोबाइल नंबरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी का पता लगाया गया। जांच के दौरान पुलिस बिहार के कटिहार जिले तक पहुंची जहां से आरोपी सचिन कुमार उम्र 21 साल, निवासी खुदनारूपसपुर, थाना रौतारा, जिला कटिहार, बिहार को गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर उसके घर की अलमारी से ठगी की रकम में से 5 लाख रुपए नकद बरामद किये। बता दें की पीड़ित से 6 लाख तीन हजार की ठगी हुई थी जिसमें से पुलिस पांच लाख रूपये बरामद कर लिए हैं। बताया जा रहा है की इस कार्रवाई में e-Zero FIR, बैंकिंग लेनदेन की जांच और तकनीकी साक्ष्यों की अहम भूमिका रही। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।------ मामले में देवास एसपी पुनीत गहलोत ने जानकारी दी।--