किसान की कुल्हाड़ी से हत्या, खेत में मिला खून से लथपथ शव | SAGAR TV NEWS |
किसान की हत्या से सनसनी फैल गई है। झांसी रोड थाना क्षेत्र के मरियन गांव में एक किसान का शव खेत में पेड़ के नीचे खून से लथपथ हालत में मिला। किसान पर कुल्हाड़ी से हमला किए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किया है। परिजनों ने पैसे के लेनदेन के पुराने विवाद में हत्या किए जाने की आशंका जताई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश के ग्वालियर के मरियन गांव में सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब परिजन घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में पहुंचे। वहां पेड़ के नीचे किसान का शव पड़ा मिला। शव पर चोट के निशान देखकर परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए झांसी रोड थाना प्रभारी, सीएसपी, एडिशनल एसपी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और फिंगरप्रिंट सहित अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाए, ताकि हत्या से जुड़े सुराग मिल सकें। मृतक के परिजनों का आरोप है कि पैसे के लेनदेन को लेकर पुराने विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है। हालांकि, अभी तक हत्या की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस आपसी रंजिश समेत दूसरे संभावित कारणों को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। संदिग्धों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। किसान की हत्या के बाद गांव में तनाव और संवेदनशीलता को देखते हुए एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। फिलहाल इस सनसनीखेज हत्याकांड में कई सवालों के जवाब मिलना बाकी है। हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और वारदात को किसने अंजाम दिया, इसका खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।