5 लोडिंग वाहनों से 11 टन तांबे का चूरा बरामद, 5 चालक भी हिरासत में, दो करोड़ है कीमत !
पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है तांबे के स्क्रैप से भरे हुए पांच लोडिंग वाहनों को पकड़ा गया है। जिनमें से 11 टन तांबे का चूरा बरामद किया गया है।पांचों वाहन समेत कुल माल की कीमत दो करोड़ रूपये बताई जा रही है। साथ ही पांच चालक भी गिरफ्तार हुए हैं। कार्यवाई उज्जैन जिले की पुलिस ने की है। फिलहाल पुलिस स्क्रैप और संभावित चोरी के माल से जुड़े होने के पहलुओं की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है की पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी की रणकेश्वर मंदिर के पास ब्रिज के नीचे तांबे के स्क्रैप से भरे कुछ लोडिंग वाहन खड़े हुए हैं। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। इस दौरान पांच टाटा एस लोडिंग वाहनों में प्लास्टिक की बोरियों में भरा क्रिस्टलनुमा तांबे का चूरा मिला। चालकों से बिल समेत दस्तावेज मांगे गए जिन्हे वह उपलब्ध नहीं करा पाए। संदेह पर पुलिस ने पांचों वाहनों के अलावा स्क्रैप जब्त कर लिया।
कार्रवाई के बाद पुलिस ने जब्त वाहनों को धर्मकांटे पर ले जाकर पंच साक्षियों की मौजूदगी में तौल कराया। पांचों वाहनों में भरे माल समेत कुल वजन 16,575 किलोग्राम दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक, इसमें करीब 11 टन तांबे का स्क्रैप शामिल है। इस पूरी कार्यवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। वाहनों को मिलाकर सामान की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपए बताई गयी।
पकड़े गए लोगों में सुरेश सोलंकी, राहुल चौहान, शंकर ढाला, रामकिशन पवार और विनायक राठौर शामिल हैं। ये सभी इंदौर के निवासी हैं। पुलिस ने इन पर सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
फिलहाल पुलिस तांबे के स्क्रैप के स्रोत, उसके परिवहन और संभावित चोरी से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।------