लौकी से भरा पिकअप वाहन खड़े ट्रक से जा टकराया, स्टेयरिंग में फंसा चालक, जेसीबी की मदद से निकाला
सड़क किनारे खड़े हुए ट्रक में एक लौकी से भरा हुआ पिकअप वाहन जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी की चालक बुरी तरह से स्टेयरिंग में फंस गया था। उसे बचाने के लिए जेसीबी बुलानी पड़ी, तब कहीं जाकर उसे बाहर निकाला जा सका। जिसे पहले जिला अस्पताल फिर वहां से हालत गंभीर होने के चलते जबलपुर मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया है। मामला उमरिया जिले के नेशनल हाईवे 43 के मंसूरी पेट्रोल पंप के पास से सामने आया है।
मिली जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी टिकेश्वर यादव पिकअप में लौकी लोड कर कटनी जा रहे थे। तभी उमरिया कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत मंसूरी पेट्रोल पंप के पास उनकी पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में चालक वाहन के अंदर फंस गया था जिसे गंभीर चोटें आईं हैं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। चालक की हालत को देखते हुए उसे बाहर निकालने के प्रयास शुरू किए गए।
काफी मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से उसे बाहर निकाला गया। जिसके बाद तत्काल उमरिया जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक इलाज किया। वहीं हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। ये हादसा किन परिस्थितियों में हुआ फिलहाल तक इस बात की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आ पाई थी। पुलिस ने मामले में जांच शुरू की है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।------