UPI से पेमेंट करने पर MDR चार्ज पर फिलहाल राहत, व्यापारियों ने मनाई ख़ुशी, मिठाई खिलाकर मनाया जश्न
हाल ही में UPI से पेमेंट करने पर MDR चार्ज लगाने की बात कही गयी थी। जिससे व्यापारियों में ख़ासा आक्रोश था। अब फिलहाल दीपावली तक इसे टाल दिया गया है। जिससे व्यापारियों में ज्यादा ख़ुशी देखने को मिल रही है इसी को लेकर इंदौर में कपड़ा कारोबारियों ने जश्न मनाया। जहां एक दूसरे को मिठाई खिलाई गयी।
दरअसल UPI पेमेंट पर MDR चार्ज को लेकर विरोध के स्वर फूट रहे थे। लेकिन दिवाली तक UPI ट्रांजेक्शन पर चार्ज न लगने की खबर से व्यापारियों में खुशी का माहौल है। इंदौर के कपड़ा कारोबारियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की।
बता दें की 15 अक्टूबर से व्यापारियों पर UPI पेमेंट के लिए MDR (मर्चेंट डिस्काउंट रेट) चार्ज लागू होने की चर्चा से कारोबारी काफी चिंतित थे। व्यापारियों का कहना था कि डिजिटल भुगतान पर अतिरिक्त शुल्क लगने से उनके कारोबार पर आर्थिक बोझ बढ़ सकता है। इसी को लेकर इंदौर के कपड़ा व्यापारियों ने आवाज बुलंद की थी और विरोध दर्ज कराया था। इसके विरोध में कपड़ा व्यापारियों ने बीते महीने 23 सितंबर को देश का पहला नो UPI डे भी मनाया था। व्यापारियों ने डिजिटल भुगतान पर अतिरिक्त शुल्क लगाने के प्रस्ताव के खिलाफ अपना विरोध जताया था।
फिलहाल दिवाली तक चार्ज न लगने की खबर से कारोबारियों में खुशी की लहर है। लेकिन दिवाली के बाद क्या नतीजा निकलता है ये देखने वाली बात होगी।-