बाइक के अंदर छिपी नागिन, एक घंटे की मशक्कत के बाद रेस्क्यू | SAGAR TV NEWS |
एक बाइक के अंदर नागिन के छिपने से हड़कंप मच गया। बाइक का प्लग बदलवाने पहुंचे चालक को उस वक्त परेशानी का सामना करना पड़ा, जब नागिन सीट के नीचे से होते हुए बाइक के अंदर जा छिपी। उसे बाहर निकालने के लिए सर्प मित्र को बुलाया गया। करीब एक घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला और मैकेनिक को बाइक के कई हिस्से खोलने पड़े। आखिरकार नागिन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
मामला मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के सालीचौका का है। जानकारी के मुताबिक, एक बाइक चालक अपनी गाड़ी का खराब प्लग बदलवाने के लिए मैकेनिक की दुकान पर पहुंचा था। इसी दौरान एक नागिन रेंगते हुए बाइक की सीट के नीचे से अंदर घुस गई और पाइप के भीतर जाकर छिप गई।
शुरुआत में नागिन को बाहर निकालने की कोशिश की गई, लेकिन वह दिखाई नहीं दी। जब काफी प्रयासों के बाद भी सफलता नहीं मिली, तो सर्प मित्र को मौके पर बुलाया गया।
इसके बाद नागिन को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू किया गया। नागिन बाइक के अंदर ऐसी जगह छिपी थी, जहां तक आसानी से पहुंचना संभव नहीं था। लिहाजा, मैकेनिक ने बाइक के कई हिस्से खोलकर उसकी तलाश शुरू की। करीब एक घंटे तक चली मशक्कत के बाद नागिन को बाहर निकालने में सफलता मिली। राहत की बात यह रही कि रेस्क्यू के दौरान किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
इस पूरे घटनाक्रम को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाइक के अंदर नागिन के छिपे होने की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में कौतूहल बढ़ गया। रेस्क्यू पूरा होने के बाद बाइक चालक और वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। नरसिंहपुर की इस घटना ने लोगों को हैरान कर दिया। बाइक के अंदर सांप के छिपने जैसी स्थिति में खुद उसे निकालने की कोशिश करना खतरनाक हो सकता है। ऐसे में वाहन को छेड़ने के बजाय विशेषज्ञ सर्प मित्र की मदद लेना सुरक्षित विकल्प है।