शोरूम में भीषण आग, कई गाड़ियां जलीं, लाखों का नुकसान, कई गाड़ियां खाक
मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में मंगलवार सुबह एक कार शोरूम के सर्विस सेंटर में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से कई गाड़ियों और अन्य सामान को नुकसान पहुंचा है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इस घटना में लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। यह शोरूम मध्य प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव का बताया जा रहा है। आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
घटना बुरहानपुर के रेणुका रोड स्थित निमाड़ मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड की है। गायत्री मंदिर के पास स्थित इस सर्विस सेंटर में मंगलवार सुबह करीब छह बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने परिसर में रखे वाहनों और अन्य सामग्री को अपनी चपेट में ले लिया। आग की सूचना मिलते ही सर्विस सेंटर के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों ने स्थिति को देखते हुए कुछ गाड़ियों को बाहर निकालने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ वाहनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन कई गाड़ियों को आग से नुकसान पहुंचा।
घटना की जानकारी मिलने पर शिकारपुरा थाना पुलिस और नगर निगम की दमकल टीम भी मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत की। आग बुझाने के दौरान प्राथमिकता परिसर में फैल रही लपटों को नियंत्रित करने और नुकसान को बढ़ने से रोकने की रही। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पा लिया गया। सर्विस सेंटर के कर्मचारी लक्ष्मण डोंगरे के मुताबिक, आग की सूचना मिलने पर वे तुरंत मौके पर पहुंचे थे। उस समय कुछ गाड़ियों को बाहर निकालने में सफलता मिली, जबकि अन्य वाहनों को नुकसान पहुंचा।