लिफ्ट में फं से पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, टेक्नीशियन ने सुरक्षित निकाला
पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के साथ उस समय अजीब स्थिति बन गई, जब कोचिंग सेंटर का उद्घाटन करने पहुंचे मिश्रा अचानक लिफ्ट में फंस गए। लिफ्ट फ्लोर के बीच में ही बंद हो गई, जिससे उनके साथ अंदर मौजूद अन्य लोग भी बाहर नहीं निकल पाए। काफी देर तक दरवाजा खोलने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। आखिरकार टेक्नीशियन की मदद ली गई और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
मामला मध्य प्रदेश के ग्वालियर के इंदरगंज इलाके के जयेंद्रगंज स्थित एक कॉम्प्लेक्स का है। जानकारी के मुताबिक, पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा यहां एक कोचिंग सेंटर का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इसी दौरान वह अन्य लोगों के साथ लिफ्ट में सवार हुए, लेकिन अचानक लिफ्ट बीच फ्लोर पर रुक गई। लिफ्ट बंद होते ही अंदर मौजूद लोगों की परेशानी बढ़ गई। बाहर खड़े लोगों ने दरवाजा खोलने की कोशिश की। कुछ लोग लिफ्ट के बटन दबाकर उसे चालू करने का प्रयास करते रहे, लेकिन शुरुआती कोशिशें नाकाम रहीं। इसके बाद टेक्नीशियन को मौके पर बुलाया गया।
काफी मशक्कत के बाद टेक्नीशियन ने लिफ्ट का दरवाजा खुलवाया और अंदर फंसे नरोत्तम मिश्रा समेत सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान कॉम्प्लेक्स में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लिफ्ट का दरवाजा आधा खुला दिखाई देता है। बाहर मौजूद लोग अंदर फंसे लोगों को निकालने की कोशिश करते नजर आते हैं। हालांकि, लिफ्ट किस तकनीकी कारण से अचानक बंद हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
लिफ्ट से बाहर निकलने के बाद नरोत्तम मिश्रा ने अपना कार्यक्रम जारी रखा और कोचिंग सेंटर का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद मौके पर स्थिति सामान्य हो गई। ग्वालियर की इस घटना ने कॉम्प्लेक्स में लिफ्ट के रखरखाव और तकनीकी सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं। राहत रही कि समय रहते टेक्नीशियन की मदद मिल गई और सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।