Sagar- अवैध शराब से परेशान महिलाएं पहुंचीं कलेक्ट्रेट, बोलीं- गलियों में निकलना मुश्किल
सागर जिले के गांव-गांव में अवैध शराब का कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है। इस अवैध धंधे से शराब माफिया मोटा मुनाफा कमा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर गरीब परिवारों की जिंदगी बर्बाद हो रही है। शराब के कारण घरों में विवाद बढ़ रहे हैं और महिलाओं को असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर अलग-अलग गांवों से लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं, लेकिन ग्रामीणों को अब भी प्रभावी कार्रवाई का इंतजार है।
मंगलवार को सागर कलेक्ट्रेट में उदयपुरा तिवारी गांव की महिलाएं अवैध शराब की बिक्री की शिकायत लेकर पहुंचीं। महिलाओं ने बताया कि गांव में कम से कम 15 जगहों पर अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। गली-मोहल्लों में लोग शराब पीने के लिए बैठते हैं, जिससे वहां से गुजरने वाली महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
महिलाओं का कहना है कि जब वे गलियों से निकलती हैं, तो शराब पीने वाले लोग उन पर कमेंटबाजी करते हैं। इससे उन्हें अपमानित महसूस करने के साथ ही अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है। गांव में इस तरह का माहौल होने से महिलाओं और परिवारों की मुश्किलें बढ़ रही हैं।