BJP जिलाध्यक्ष की कार पर पथराव, शीशे तोड़े और नेमप्लेट उखाड़ी
भाजपा जिला अध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा की कार में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर के बाहर खड़ी फॉर्च्यूनर गाड़ी पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए। इतना ही नहीं, गाड़ी पर लगी नेमप्लेट और भाजपा का झंडा भी क्षतिग्रस्त किया गया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, तोड़फोड़ के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मामला एमपी के सागर संभाग के पन्ना शहर का है, जहां भाजपा जिला अध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा की फॉर्च्यूनर कार उनके निवास के बाहर खड़ी थी। जानकारी के मुताबिक, रात के समय अज्ञात व्यक्ति ने कार को निशाना बनाया। पत्थर मारकर गाड़ी के आगे और पीछे के शीशे तोड़ दिए गए। इसके अलावा, वाहन पर लगी नेमप्लेट और भाजपा के चुनाव चिह्न कमल के फूल को भी नुकसान पहुंचाया गया।
सुबह घटना का पता चलने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सत्ताधारी दल के जिला अध्यक्ष के वाहन में तोड़फोड़ की घटना के बाद पुलिस भी सक्रिय हुई।
सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी रोहित मिश्रा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का प्रयास है कि घटना में शामिल व्यक्ति की पहचान कर मामले की सच्चाई सामने लाई जाए।
“घटना के बाद आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रथम दृष्टया घटना में एक व्यक्ति के शामिल होने की संभावना लग रही है।”
फिलहाल पुलिस जांच के आधार पर ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। अभी तक तोड़फोड़ के पीछे किसी विवाद या रंजिश की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। भाजपा जिला अध्यक्ष की ओर से भी मामले को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अब देखना होगा कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस आरोपी तक कब पहुंचती है और इस घटना के पीछे की वजह क्या निकलकर सामने आती है।