Sagar - नियमों की उड़ाई धज्जियां, 15 साल पुरानी 7 बसों के पंजीयन कैंसिल, 2 जब्त, 45 हजार जुर्माना
प्रतिबंध के बावजूद बसों में प्रेशर हॉर्न चलाए जा रहे थे, रहवासियों की शिकायत की तो जांच व हटाने की कार्रवाई की गई। जांच में शहरी क्षेत्र में बिना परमिट, ओवरलोड और रात के समय तेज प्रेशर हॉर्न बजाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाली यात्री बसें भी मिलीं।
सागर आरटीओ मनोज कुमार तेहनगुरिया के नेतृत्व में चलाए गए दो दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान के दौरान 15 साल से अधिक पुरानी 7 यात्री बसों के पंजीयन निरस्त कर उन्हें स्क्रैप करने के आदेश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाली 15 बसों से 45 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया और 2 बसों को मौके पर जब्त किया गया है।
बस स्टैंड के आसपास रहने वाले लोगों ने आरटीओ कार्यालय में शिकायत की थी कि रात के समय बस चालक तेज आवाज वाले प्रेशर हॉर्न बजाते हैं। इससे बुजुर्गों, मरीजों और छोटे बच्चों की नींद खराब होती है और भारी ध्वनि प्रदूषण फैल रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरटीओ टीम ने 10 और 11 अक्टूबर को मुख्य बस स्टैंड और शहर के प्रमुख मागों पर चेकिंग अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान 12 यात्री बसों अवैध प्रेशर हॉर्न लगे पाए गए, जिन्हें तुरंत निकलवाया गया।
आरटीओ के अनुसार, चेकिंग के दौरान एक बस के पिछले कांच पर अनधिकृत रूप से लोहे की जाली लगी पाई गई, जबकि दूसरी बस का ड्राइवर साइड का गेट और फ्लोर टूटे हुए थे। यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक पाई जाने पर दोनों बसों को जब्त कर आरटीओ कार्यालय परिसर में खड़ा करा दिया गया है।