Sagar- देवरी में जुआ फड़ पर पुलिस का छापा, 3 गिरफ्तार; 4.35 लाख का सामान जब्त
सागर जिले के देवरी में पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टिकरिया तिगड्डा में चल रहे कथित जुआ फड़ पर पुलिस ने अचानक दबिश दी। पुलिस को देखते ही मौके पर भगदड़ मच गई। घेराबंदी कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि पांच आरोपी भागने में सफल रहे। पुलिस ने मौके से नकदी, ताश के पत्ते, तीन मोबाइल फोन और पांच दोपहिया वाहन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 4 लाख 35 हजार 610 रुपये बताई गई है।
कार्रवाई 12 अक्टूबर को देवरी थाना क्षेत्र के टिकरिया तिगड्डा में की गई। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कपिल लक्ष्यकार के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि दुर्गा प्रतिमा स्थल के पीछे कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवरी निवासी कपिल चौरसिया, मधुर रावत और अनिल उर्फ अन्ना कोष्टी के रूप में हुई है। वहीं, मौके से भागे पांच लोगों की पहचान अक्कू यादव, गोलू उर्फ बाबूलाल लोधी, विक्रम रजक, आशु चौरसिया और समीर खान के रूप में बताई गई है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 5 हजार 610 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते जब्त किए। इसके अलावा एप्पल, वीवो और वनप्लस कंपनी के तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये है। पुलिस ने मौके से पांच दोपहिया वाहन भी जब्त किए हैं। इनमें एक स्कूटी, एक अपाचे मोटरसाइकिल और बिना नंबर की दो एचएफ डीलक्स तथा एक हीरो स्प्लेंडर शामिल हैं। इन वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी कपिल लक्ष्यकार के साथ प्रधान आरक्षक सतीष श्रीवास्तव और आरक्षक अतुल पटेल, कमलेश गौर्जर, महेंद्र तिवारी एवं लवकुश सिंह शामिल रहे। देवरी पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। अब पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।