स्टार बल्लेबाज और गेंदबाज समेत हॉकी खिलाड़ी दिखे शिव भक्ति में लीन,बोले यहां आकर मिली आत्मिक शांति
कहते हैं की बाबा महाकाल की महिमा काफी निराली है। उनके दरबार में एक से बढ़कर एक हस्तियां पहुंचती हैं। कुछ इसी तरह क्रिकेट और हॉकी जगत की बड़ी हस्तियों का अनूठा संगम भी देखने को मिला। उज्जैन स्थित बाबा महाकाल के दरबार में सोमवार तड़के भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव और युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा पहुंचे। इसके अलावा टोक्यो और पेरिस ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता भारतीय पुरुष हॉकी टीम के शानदार मिडफील्डर विवेक सागर प्रसाद भी अलसुबह महाकाल की प्रसिद्ध भस्म आरती में शामिल हुए। इन दिग्गज खिलाड़ियों के एक साथ महाकाल द्वार पर पहुंचने से मंदिर परिसर में खेल प्रेमियों और शिवभक्तों का उत्साह दोगुना हो गया।
नंदी हॉल में बैठकर तीनों खिलाड़ियों ने भस्म आरती के दिव्य और अलौकिक दर्शन किए और पूरी तरह शिवभक्ति में लीन नजर आए। मैदान पर अपनी खेल प्रतिभा से देश का नाम रोशन करने वाले ये खिलाड़ी बाबा महाकाल के दरबार में बेहद सौम्य और शांत भाव से आराधना करते दिखाई दिए। आरती होने के बाद सभी ने बाबा महाकाल का पूजन-अर्चन किया। पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी खिलाड़ियों का पूजन संपन्न कराया। इसके बाद मंदिर समिति ने उन्हें बाबा महाकाल का सिद्ध प्रसाद, अंगवस्त्र और चित्र भेंटकर सम्मानित किया।
दर्शन के बाद सभी खिलाड़ियों ने उज्जैन नगरी और महाकाल मंदिर की व्यवस्थाओं की जमकर सराहना करते हुए कहा की इस पावन धाम में आकर जो आत्मिक शांति मिलती है, वह शब्दों से परे है। बाबा महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद कुलदीप यादव, तिलक वर्मा और विवेक सागर प्रसाद अपने आगामी खेल सफर और व्यस्त कार्यक्रमों के लिए रवाना हो गए।