दमोह में छात्राओं को कुचलने वाली बस का CCTV आया सामने, दो की मौत; ड्राइवर-मालिक पर केस
स्कूल जाने निकलीं तीन छात्राएं… सड़क किनारे चल रही थीं, तभी सामने से आई तेज रफ्तार बस और तीनों को कुचलते हुए निकल गई। एमपी के सागर संभाग के दमोह-जबलपुर रोड पर हुए इस दर्दनाक हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। हादसे में दो छात्राओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरी गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने सड़क पर चक्काजाम किया था। अब फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने बस चालक और मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया है, वहीं बस का रूट परमिट भी निलंबित कर दिया गया है।
यह दर्दनाक हादसा शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र में अभाना गांव के पास हुआ। अभाना निवासी आरुषि ठाकुर, दसोदा पटेल और नित्या सेन अग्रवाल स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं। तीनों सड़क किनारे चल रही थीं, तभी दमोह से जबलपुर जा रही नूरी ट्रेवल्स की बस उनकी तरफ मुड़ी और उन्हें टक्कर मारते हुए निकल गई। सीसीटीवी फुटेज में बस छात्राओं की ओर आती दिखाई देती है। हादसे में दसोदा पटेल और आरुषि ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नित्या सेन गंभीर रूप से घायल हो गई। उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने दमोह-जबलपुर रोड पर करीब दो घंटे तक चक्काजाम किया और कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंचे एसपी के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। रविवार रात सामने आए सीसीटीवी फुटेज के बाद पुलिस और परिवहन विभाग ने कार्रवाई की। एसपी आनंद कलादगी के मुताबिक, फुटेज के आधार पर बस चालक और मालिक दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं, परिवहन विभाग ने नूरी ट्रेवल्स की बस का दमोह-जबलपुर मार्ग का परमिट निलंबित कर दिया है। दो परिवारों ने अपनी बेटियां खो दीं, जबकि तीसरी छात्रा अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है। अब पुलिस की जांच और कानूनी कार्रवाई पर नजर है। यह हादसा एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही के गंभीर परिणामों की याद दिलाता है।