सागर- वन विभाग के डिप्टी रेंजर समेत दो पर हमला, लहू लुहान हुए अधिकारी, ट्रेक्टर चढ़ाने की भी कोशिश !
सागर जिले में गुंडे-बदमाशों और माफियाओं के हौसले बुलंद हैं ये कहना गलत नहीं होगा। सागर के शाहगढ़ थाना क्षेत्र से ऐसा ही मामला सामने आया है। जहां वन विभाग की टीम पर जानलेवा हमला किया गया। जिसमें डिप्टी रेंजर लहूलुहान हो गए उन्हें सिर में गंभीर चोट आई। इसके अलावा एक अन्य वनकर्मी भी घायल हुआ। जिन्हे अस्पताल भेजा गया था। बताया गया वन भूमि पर अतिक्रमण रोकने पहुंची टीम पर अतिक्रमणकारियों ने हमला कर दिया। आरोप है की वन कर्मियों पर ट्रेक्टर चढाने का प्रयास किया गया। साथ ही लाठी-डंडों से मारपीट की गयी। घटना में शाहगढ़ उप वन परिक्षेत्र अधिकारी शैलेन्द्र तिवारी और नारायण सिंह पलिया गंभीर रूप से घायल हुए। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक बीते रविवार की रात शाहगढ़ वन परिक्षेत्र अंतर्गत छोटे बंधा के पास वन भूमि पर अतिक्रमण किया जा रहा था। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमणकारियों को रोकने का प्रयास किया। लेकिन तभी विवाद की स्थिति बन गई। आरोप है कि अतिक्रमणकारियों ने वनकर्मियों पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। साथ ही लाठी-डंडों से भी हमला कर दिया। इस दौरान दो वनकर्मी लहूलुहान हो गए। जिन्हे तत्काल इलाज के लिए शाहगढ़ अस्पताल भेजा गया। जहां वन परिक्षेत्र अधिकारी शैलेन्द्र तिवारी को गंभीर हालत में सागर जिला अस्पताल रैफर किया था।
वन विभाग की शिकायत पर शाहगढ़ थाना पुलिस ने हरीराम यादव, अमित यादव, हरेंद्र यादव निवासी निवाई के खिलाफ मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा डालने समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया।
बताया गया की वन विभाग द्वारा सम्बंधित लोगों को पहले भी अतिक्रमण करने से रोका था कार्यवाई की गयी थी। फिलहाल सम्बंधित लोगों के रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। मामले में आगे कार्यवाई की बात कही जा रही है।
सामने आई इस घटना ने कई तरह के सवाल खड़े किये हैं। जिसमें वन विभाग के कर्मचारियों की सुरक्षा समेत अन्य कई सवाल हैं। फिलहाल देखने वाली बात होती है आगे क्या कार्यवाई की जाती है।