परिवार गया था इंदौर इधर सूने घर में चोरों ने लगाई सेंध,1.70 लाख नगदी समेत गहने किये पार
पॉश कॉलोनी में रहने वाला एक परिवार दूसरे शहर में गया हुआ था। घर में ताला लगा था लेकिन जब परिवार के सदस्य वापिस लौटे तो दंग रह गए। क्योंकि अज्ञात चोरों ने हाथ साफ़ कर दिया था। घर से एक लाख 70 हजार रूपये की नगदी समेत सोने-चांदी के जेवरात चोरी चले गए। मामला छतरपुर जिले के ओरछा रोड थाना क्षेत्र से सामने आया है। बताया जा रहा है की शहर के रिहायशी इलाके पेप्टिक टाउन में सूने मकान में चोरी की घटना हुई। इस बात की शिकायत थाने में की गयी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को जांच में लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक पेप्टिक टाउन निवासी नीरजा राजा, पत्नी अरविंद सिंह, अपने परिवार के साथ इंदौर गई हुई थीं। जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। जहां घर में रखी नकदी और कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। बताया गया की चोरी गए सामान में करीब 1 लाख 70 हजार रुपये नकद, चार जोड़ी सोने के टॉप्स और चांदी की चार चूड़ियां शामिल हैं। जब परिवार के सदस्य इंदौर से वापिस अपने घर पहुंचे तब उन्हें चोरी की घटना का पता चला। जिसके बाद पुलिस में शिकायत की गयी। वहीं सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी जहां जांच पड़ताल करते हुए साक्ष्य जुटाए गए हैं। पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात चोरों पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
सबसे चिंता की बात ये है की रिहायशी इलाके में स्थित सूने मकान में चोरी की घटना हुई। जिसके बाद अब सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।------