फैक्ट्री में तैयार हो रहा नकली सॉस, सूचना मिलते ही टीम ने मारा छापा, नमूने इकट्ठा कर भेजे गए लैब !
फैक्टरी में नकली सॉस तैयार किया जा रहा है। इस बात की शिकायत मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और छापामार कार्यवाई की गयी। इस दौरान टीम को कई तरह की खामियां मिली। जिनमें साफ-सफाई, हाइजीन और अग्नि सुरक्षा से जुड़ी कई कमियां सामने आई। मामला छतरपुर जिले के सटई रोड स्थित एक फैक्ट्री से सामने आया है। मामले में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने फैक्ट्री से सॉस और नूडल्स के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की बात कही जा रही है।
बताया गया की प्रशासन को फैक्ट्री में नकली सॉस तैयार करने की शिकायत मिली थी। जिस पर नायब तहसीलदार और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फैक्ट्री में वेजिटेबल चिली सॉस, गिरी सॉस और नूडल्स का निर्माण होते पाया गया। इस दौरान फैक्ट्री संचालक ने टीम को बताया कि पिछले एक हफ्ते से सॉस बनाने का काम बंद है फिलहाल माइक्रोनी और आइसक्रीम के पैकेट के कवर बनाए जा रहे हैं।
वहीं नायब तहसीलदार का कहना है की जांच के दौरान अग्निशमन के लिए एक भी सिलेंडर नहीं मिला। तो लेबर सेफ्टी और साफ-सफाई से जुड़ी कमियां भी मिली। फैक्ट्री संचालक को इन कमियों को दूर करने अधिकारीयों ने निर्देशित किया है। इसके अलावा सुधार करने एक हफ्ते का समय दिया गया है।
बताया गया की खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने फैक्ट्री से सॉस और नूडल्स के नमूने लिए हैं। जिन्हे जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। इस दौरान जांच में मिलावट या खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की बात सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच के बाद ही साफ हो सकेगा की सॉस की गुणवत्ता किस तरह की है। वह नकली है या उसमें किस तरह की कमियां हैं ये जांच रिपोर्ट के बाद ही साफ हो सकेगा।------