बच्चों को खाना बनाने वाली महिलाएं परेशान, 4 महीने से नहीं मिला मेहनताना, प्रदेश भर में आंदोलन की चेतावनी !
मध्यान्ह भोजन के जरिये बच्चों को खाना खिलाने वाली महिलाएं परेशान हैं। क्योंकि उन्हें चार महीने से मेहनताना नहीं मिला है। इसी को लेकर मध्यान्ह भोजन बनाने वाली महिलाओं का गुस्सा आखिर फूट पड़ा। मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने निकली महिलाओं को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह के निवास स्थित मामा का घर के पास रोक दिया गया, तो गुस्साई महिलाएं सड़क पर ही धरने पर बैठ गयी। जिन्होंने जमकर नारेबाजी की। मामला राजधानी भोपाल का है। महिलाओं ने आश्वासन मिलने के बाद धरना समाप्त किया। लेकिन उन्होंने एक महीने में भुगतान न होने पर प्रदेश भर में चक्काजाम की चेतावनी दी।
बता दें की एमपी में सरकारी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को मध्यान्ह भोजन तैयार करने वाली महिलाओं का गुस्सा सड़क पर दिखाई दिया। करीब चार महीने से भुगतान न होने से स्व सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने भोपाल में प्रदर्शन किया।
महिलाओं का आरोप है की वह लगातार स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को भोजन तैयार करने की जिम्मेदारी निभा रही हैं। इसके बदले में मिलने वाली राशि समय पर नहीं मिल रही। करीब चार महीने से पैसे अटके हैं। रसोइयों को भी भुगतान नहीं हुआ। जिससे उनके सामने घर चलाने का संकट खड़ा हो गया है। उनका आरोप है की एक तरफ लाड़ली बहनों को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है लेकिन बच्चों को भोजन बनाने वाली महिलाओं को काम करने के बावजूद अपना मेहनताना पाने बार-बार गुहार लगानी पड़ रही है।
बताया गया की जब महिलाएं मुख्यमंत्री निवास तरफ बढ़ रही थी तभी उन्हें पुलिस ने ‘मामा का घर’ के पास रोक दिया। जिससे महिलाएं सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगी। सूचना पर अधिकारी मौके पर पहुंचे और बातचीत की, जहां समाधान के लिए एक महीने का समय दिया गया। आश्वासन पर महिलाओं ने धरना तो ख़त्म कर दिया लेकिन कहा की एक महीने के अंदर भुगतान न होने पर प्रदेश भर में चक्काजाम किया जायेगा। इस दौरान 16 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। जिसमें हर महीने की 5 तारीख तक भुगतान और 3 हजार रुपये मानदेय की मांग, सेवानिवृत्ति आयु 65 साल करने और कर्मचारी का दर्जा देने, 25 लाख तक स्वास्थ्य बीमा, पेंशन और सामाजिक सुरक्षा समेत अन्य कई मांगें हैं।
अब देखने वाली बात होती है की आखिर इन मांगों पर कब ता अमल हो पाता है।------