माता बिरासिनी के दरबार में नवरात्रि की धूम, कलेक्टर राखी सहाय ने की प्रथम कलश स्थापना |SAGAR TV NEWS
शंखनाद, पूजा-अर्चना और माता के जयकारों के बीच शारदीय नवरात्रि का भव्य शुभारंभ… एमपी के उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली स्थित प्रसिद्ध माता बिरासिनी मंदिर में पहले दिन से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कोई माता के दर्शन करने पहुंचा, तो कोई जल अर्पित कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना करता नजर आया। नवरात्रि पर्व की शुरुआत उमरिया कलेक्टर एवं मंदिर संचालन समिति की डायरेक्टर राखी सहाय ने विधि-विधान से प्रथम कलश की घट स्थापना कर की।
माता बिरासिनी के दरबार में नवरात्रि को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। पहले दिन सुबह से ही दर्शन और जल अर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। माता के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय नजर आया।
कलेक्टर राखी सहाय ने विधि-विधान के साथ प्रथम कलश की घट स्थापना कर नौ दिवसीय धार्मिक महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने माता की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
बिरसिंहपुर पाली स्थित माता बिरासिनी का मंदिर अपनी धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक परंपराओं के लिए प्रसिद्ध है। यहां स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से भी भक्त माता के दर्शन करने पहुंचते हैं। नवरात्रि के दौरान श्रद्धालु अपनी श्रद्धा और मान्यताओं के अनुसार घी, तेल और मनोकामना कलश स्थापित कराते हैं।
माता बिरासिनी मंदिर में नवरात्रि का प्रमुख आकर्षण नौवें दिन निकलने वाला ऐतिहासिक जवारा जुलूस है। इस परंपरा में शामिल होने और जुलूस के दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पाली पहुंचते हैं। नवरात्रि के समापन के बाद दशहरा पर्व पर भी विशेष आयोजन किए जाएंगे।
आस्था, परंपरा और भक्ति के संगम के साथ माता बिरासिनी के दरबार में नवरात्रि महोत्सव शुरू हो गया है। अगले नौ दिनों तक पाली नगर माता के जयकारों और धार्मिक आयोजनों से भक्तिमय बना रहेगा।