शनिश्चरा मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, शनि अमावस्या पर पहुंचे 2 लाख श्रद्धालु
एमपी के मुरैना के ऐंती पर्वत स्थित प्रसिद्ध शनिश्चरा शनि मंदिर में शनि अमावस्या पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भगवान शनि के दर्शन और तेलाभिषेक के लिए देशभर से करीब दो लाख श्रद्धालु पहुंचे। शुक्रवार रात 12 बजे मंदिर के पट खुलते ही दर्शन और पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया, जो शनिवार को भी जारी रहा। खास बात यह रही कि पुर्तगाल से भी एक शनिभक्त भगवान के दर्शन करने पहुंचा। वहीं, करीब 60 हजार श्रद्धालुओं ने मनोकामना पूरी होने पर मुंडन कराया।
बानमोर तहसील के ऐंती पर्वत पर स्थित शनिश्चरा मंदिर में शनि अमावस्या के अवसर पर विशाल मेले का आयोजन किया गया। मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल संभाग के अलावा राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड से श्रद्धालु पहुंचे। मान्यता के अनुसार, भक्तों ने भगवान शनि को सरसों के तेल से अभिषेक किया। साथ ही तिल, लड्डुओं और काले वस्त्रों का भोग अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शनिश्चरा रेलवे स्टेशन पर दो स्पेशल ट्रेनों का ठहराव भी किया गया।
मेले में करीब 60 हजार श्रद्धालुओं ने मुंडन कराया। इसके चलते मंदिर परिसर और आसपास बड़ी मात्रा में बाल, पुराने कपड़े और जूते-चप्पल जमा हो गए। सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए बानमोर नगर परिषद के कचरा वाहनों को लगाया गया। मंदिर में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भी पहुंचकर दर्शन किए। मुरैना कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ और एसपी धर्मराज मीना ने भगवान शनि का तेलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।
इस बार मेले में हरियाणा के सिरसा से आए शनि महाराज ट्रस्ट का भंडारा भी खास आकर्षण रहा। ट्रस्ट की ओर से 50वां भंडारा आयोजित किया गया। सेवादारों ने बताया कि हर बार करीब 60 से 70 हजार श्रद्धालुओं के लिए भोजन तैयार किया जाता है। रास्तों पर पानी, शरबत और भोजन की व्यवस्था भी की गई।
हालांकि, पिछले मेले में पांच लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे थे, जबकि इस बार संख्या करीब दो लाख रही। इसके पीछे फसल कटाई का मौसम और पितृमोक्ष अमावस्या के साथ शनि अमावस्या पड़ना प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की संख्या कम होने के बावजूद शनिश्चरा मंदिर में दिनभर पूजा-पाठ, तेलाभिषेक और भंडारों का सिलसिला जारी रहा। शनि अमावस्या पर मंदिर परिसर भक्ति, सेवा और आस्था के रंग में रंगा नजर आया।