कृषि मंत्री के घर से 50 मीटर दूर अवैध शराब का ठिकाना ! 45 पेटियां जब्त, मुख्य आरोपी फरार
एमपी के मुरैना में अवैध शराब के कारोबार का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सबको चौंका दिया है। शहर के बिस्मिल नगर में कृषि मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना के घर से महज 40 से 50 मीटर की दूरी पर कथित तौर पर अवैध शराब बेची जा रही थी। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से देसी शराब, अंग्रेजी शराब और बीयर की कुल 45 पेटियां जब्त की हैं। जब्त शराब की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से एक युवक को पकड़ा है, जबकि मुख्य आरोपी हरेंद्र गुर्जर फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान सिंह यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि बिस्मिल नगर में एक आलीशान मकान के नीचे बनी दुकान से अवैध शराब का कारोबार चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, दुकान कृषि मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना के घर से करीब 40 से 50 मीटर की दूरी पर स्थित है। यहां कथित तौर पर देसी और अंग्रेजी शराब के साथ ठंडी बीयर भी बेची जा रही थी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब की कुल 45 पेटियां जब्त कीं। इनमें 12 पेटी बीयर, 12 पेटी देसी मसाला शराब और 21 पेटी देसी प्लेन शराब शामिल हैं। जब्त शराब की बाजार कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से सौरव गुर्जर नाम के युवक को पकड़ा है। उसने खुद को मुख्य आरोपी हरेंद्र गुर्जर का साला बताया। वहीं, कार्रवाई के दौरान हरेंद्र गुर्जर मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, हरेंद्र पहले भी अवैध शराब से जुड़े मामले में पकड़ा जा चुका है।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस फरार आरोपी की तलाश करने के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि इस कारोबार में और कौन-कौन शामिल है। मुरैना में कृषि मंत्री के घर के नजदीक अवैध शराब का कारोबार सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई चर्चा में है। फिलहाल, 45 पेटियां जब्त की जा चुकी हैं और मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।