सागर-अग्निवीर अभ्यर्थी का ऑटो में छूटा दस्तावेजों से भरा बैग, CCTV से तलाश कर पुलिस ने लौटाया
सागर पुलिस की तत्परता से अग्निवीर भर्ती में शामिल होने आए एक अभ्यर्थी की परेशानी दूर हो गई। नरसिंहपुर जिले के रहने वाले पंकज पाल का मूल दस्तावेजों से भरा बैग ऑटो में छूट गया था। खास बात यह थी कि उसी दिन शाम को उनका अग्निवीर भर्ती का टेस्ट होना था। दस्तावेज खोने से अभ्यर्थी के सामने भर्ती का महत्वपूर्ण अवसर छूटने का खतरा पैदा हो गया। ऐसे में सागर पुलिस ने CCTV कैमरों की मदद से ऑटो की तलाश की और बैग सुरक्षित बरामद कर अभ्यर्थी को लौटा दिया।
दरअसल, नरसिंहपुर जिले के ग्राम कठौतिया निवासी पंकज पाल अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए सागर आए थे। वह सागर बस स्टैंड से ऑटो में बैठकर मकरोनिया स्थित भर्ती स्थल पहुंचे। लेकिन जल्दबाजी में उनका दस्तावेजों से भरा बैग ऑटो में ही छूट गया। जब पंकज को इसकी जानकारी मिली, तो उनके होश उड़ गए। बैग में भर्ती से जुड़े सभी मूल दस्तावेज रखे थे और शाम को ही उनका टेस्ट होना था। परेशान अभ्यर्थी मदद की उम्मीद लेकर थाना सिविल लाइन पहुंचा।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। अभ्यर्थी को पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी आर.के.एस. चौहान के पास भेजा गया। इसके बाद मकरोनिया क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज में पंकज पाल को ऑटो में बैठते हुए देखा गया। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने संबंधित ऑटो की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की। आखिरकार ऑटो का पता लगा लिया गया और उसमें छूटा दस्तावेजों से भरा बैग सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी आर.के.एस. चौहान और महिला आरक्षक रक्षा राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अपने मूल दस्तावेज वापस मिलने पर पंकज पाल ने राहत की सांस ली और सागर पुलिस का आभार जताया। अग्निवीर भर्ती के महत्वपूर्ण टेस्ट से पहले दस्तावेजों का बैग मिलना पंकज पाल के लिए बड़ी राहत लेकर आया। सागर पुलिस की इस कार्रवाई ने दिखाया कि CCTV कैमरों का सही इस्तेमाल और पुलिस का आपसी समन्वय जरूरतमंदों की मदद में अहम भूमिका निभा सकता है।