Sagar- नवरात्रि गरबा आयोजनों में आधार कार्ड अनिवार्य करने की मांग, शिवसेना ने SP को सौंपा ज्ञापन
सागर में नवरात्रि के दौरान आयोजित होने वाले गरबा कार्यक्रमों को लेकर शिवसेना ने कई मांगें उठाई हैं। संगठन ने गरबा आयोजनों में प्रवेश के लिए आधार कार्ड अनिवार्य करने, अश्लील गानों पर रोक लगाने और ड्रेस कोड निर्धारित करने की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी के नाम ज्ञापन सौंपा।
शिवसेना के उपराज्य प्रमुख पप्पू तिवारी ने कहा कि गरबा जैसे धार्मिक आयोजनों में अश्लील गानों पर कार्यक्रम आयोजित करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पिछले वर्ष एक कश्मीरी युवक के गरबा कार्यक्रम में प्रवेश करने की घटना का हवाला देते हुए कहा कि इस बार ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रवेश व्यवस्था को सख्त किया जाना चाहिए।
पप्पू तिवारी ने कहा कि नवरात्रि हिंदुओं की आस्था और साधना का पर्व है। उन्होंने गरबा आयोजकों से अपील की कि धार्मिक आयोजनों की गरिमा बनाए रखें और किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकने के लिए आवश्यक इंतजाम करें। उन्होंने यह भी कहा कि शिवसैनिक गरबा कार्यक्रमों में निगरानी रखेंगे।
वहीं, शिवसेना के जिला प्रभारी विकास सिंह ने गरबा आयोजकों से भारतीय परिधानों को प्रोत्साहित करने और ड्रेस कोड निर्धारित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर ध्यान नहीं दिए जाने पर संगठन गरबा आयोजनों के होटल और पंडालों में विरोध प्रदर्शन करेगा। शिवसेना ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि नवरात्रि के दौरान होने वाले गरबा कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ धार्मिक आयोजन की मर्यादा बनाए रखने के लिए उचित कदम उठाए जाएं।