नवरात्रि पर इस बार अद्भुत और भव्य दर्शन, 1 करोड़ 30 लाख से सजेगी बाबा सोमनाथ मंदिर की भव्य झांकी
इस बार में नवरात्रि में श्रद्धालुओं को अलग ही माहौल देने उन्हें भव्य दर्शन कराने की तैयारी है। एक करोड़ तीस लाख रूपये की लागत से बाबा सोमनाथ मंदिर की भव्य झांकी सजाई जा रही है जहां 48 मूर्तियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। राजधानी भोपाल में कोलकाता के 42 कारीगर तीन महीने से निर्माण कार्य में जुटे हुए हैं।
बता दें की भोपाल के बिट्ठल मार्केट हाट बाजार में आयोजित होने वाले जय मां वैष्णो दुर्गा उत्सव और श्री राम रसोई समिति के 24वें नवरात्रि महोत्सव में इस साल बाबा सोमनाथ मंदिर की भव्य झांकी सजाई जाएगी। जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगी। करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से तैयार की जा रही इस झांकी में सोमनाथ मंदिर की भव्यता, धार्मिक आस्था और सनातन संस्कृति की अनुपम झलक देखने को मिलेगी।
समिति के संयोजक हरिओम खटीक ने पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए बताया की झांकी के निर्माण में कोलकाता से आए 42 कुशल कारीगर पिछले तीन महीने से लगातार जुटे हुए हैं। झांकी में 45 से 48 आकर्षक मूर्तियां स्थापित की जाएंगी। जो श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित करेंगी।
वहीं पूर्व समिति संरक्षक राजेंद्र गुप्ता ने समेत समिति के लोगों ने आयोजन को लेकर तमाम जानकारियां दी। बताया की झांकी के माध्यम से बाबा सोमनाथ मंदिर की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्ता को भव्य स्वरूप में पेश किया जाएगा।
झांकी में भगवान गणेश, सूर्य देव, बाबा सोमनाथ के भव्य गर्भगृह और मां जगत जननी दुर्गा के दर्शन श्रद्धालुओं को हासिल होंगे। आकर्षक सज्जा और मूर्तियों के माध्यम से धार्मिक परंपराओं के अलावा भारतीय संस्कृति को जीवंत रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। समिति के लोगों ने सभी श्रद्धालुओं से बिट्ठल मार्केट हाट बाजार पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन करने और इस भव्य धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है।