ज्वेलर्स के घर डकैती, परिवार को बनाया बंधक; संचालक पर रॉड से हमला
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के पांढुर्णा में नकाबपोश बदमाशों ने बेखौफ होकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। ज्वेलर्स संचालक के परिवार के चार सदस्यों को बंधक बनाकर बदमाश लाखों रुपये और सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। विरोध करने पर बदमाशों ने संचालक राजेश पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नागपुर के अस्पताल रेफर किया गया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
यह वारदात पांढुर्णा कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, नकाबपोश बदमाश रात के समय ज्वेलर्स संचालक के प्रतिष्ठान पर पहुंचे। उन्होंने दुकान का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश कर लिया। इसके बाद संचालक राजेश पर रॉड से हमला किया और परिवार के चार सदस्यों को बंधक बना लिया। बदमाशों ने दुकान में रखी नकदी और सोने-चांदी के आभूषण समेटे और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई। घायल संचालक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए नागपुर रेफर कर दिया गया।
वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में नकाबपोश बदमाश दुकान का ताला तोड़कर अंदर जाते दिखाई देने की बात कही जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पांढुर्णा क्षेत्र में इससे पहले भी बंधक बनाकर लूट की घटनाएं सामने आने की बात कही जा रही है। ऐसे में इस वारदात ने स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। अब देखना होगा कि परिवार को बंधक बनाकर लाखों के आभूषण लूटने वाले बदमाश कब तक पुलिस की गिरफ्त में आते हैं।