बस की टक्कर से दो स्कूली छात्राओं की मौत, तीसरी की हालत गंभीर; गुस्साए लोगों ने किया चक्काजाम
मध्य प्रदेश के सागर संभाग के दमोह में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर अभाना गांव के पास यात्री बस की टक्कर से स्कूल जा रही दो छात्राओं की मौत हो गई, जबकि तीसरी छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया और बसों पर पथराव किया। स्थिति को देखते हुए घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात किया गया।
जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब साढ़े दस बजे नोहटा थाना क्षेत्र के अभाना गांव के पास हुआ। मृत छात्राओं की पहचान 14 वर्षीय दसोदा पटेल और आरुषि ठाकुर के रूप में हुई है। दोनों आठवीं कक्षा में पढ़ती थीं और स्कूल जा रही थीं। हादसे में नित्या सेन नाम की तीसरी छात्रा भी घायल हुई है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। दो छात्राओं की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान बसों पर पथराव भी किया गया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। तेंदूखेड़ा एसडीओपी अर्चना अहीर ने दो छात्राओं की मौत और एक छात्रा के घायल होने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि परिजनों और ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया था। प्रशासन की ओर से मांगें पूरी करने का आश्वासन दिए जाने के बाद स्थिति संभालने के प्रयास किए गए।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों से बातचीत की। उन्होंने जिला परिवहन अधिकारी को संबंधित बस तत्काल जब्त करने के निर्देश दिए हैं। हादसे के समय बस में सवार दमोह निवासी देवकरण शर्मा भी घायल हुए। उनके मुताबिक, टक्कर के दौरान बस में रखा सामान उनके ऊपर गिर गया, जिससे वह बेहोश हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इस हादसे ने एक बार फिर स्कूली बच्चों की सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल, प्रशासन की कार्रवाई और हादसे के कारणों को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है। दो छात्राओं की मौत से अभाना गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।