सागर- ऑनलाइन गेमिंग में 8 लाख हारा शिक्षक, कर्ज चुकाने के लिए चोरी और मंगलसूत्र छीनने का आरोप
सागर में ऑनलाइन गेमिंग की लत और कर्ज के जाल में फंसे एक युवक की गिरफ्तारी का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग पढ़ाने वाला 24 वर्षीय युवक ऑनलाइन गेमिंग में करीब 7 से 8 लाख रुपये हार गया था। कर्ज बढ़ने पर उसने कथित तौर पर बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पूछताछ में उसने कोतवाली क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला का मंगलसूत्र छीनने की घटना में भी शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद कर ली है।
मामला सागर के गोपालगंज थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर को शिवाजी वार्ड के बाल हिलव्यू निवासी शालिकराम रैकवार ने बाइक चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान बीएमसी के पास एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी पहचान अजय पटेल, उम्र 24 वर्ष, निवासी तिली गांव के रूप में हुई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने बाइक चोरी की वारदात स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक, अजय ग्रेजुएट है और गोपालगंज क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग पढ़ाकर अपना खर्च चलाता था। वह शादीशुदा है और उसकी एक बेटी भी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ऑनलाइन गेमिंग में करीब 7 से 8 लाख रुपये गंवा चुका था, जिसके चलते उस पर कर्ज बढ़ गया। आरोपी ने किस्तों पर बाइक खरीदी थी और बाद में उसे गिरवी रखकर रुपये लिए। कुछ रकम कर्ज चुकाने में खर्च हुई, जबकि बाकी ऑनलाइन गेमिंग में चली गई। नुकसान की भरपाई की उम्मीद में वह लगातार पैसे लगाता रहा और आर्थिक परेशानी बढ़ती गई।
गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा के अनुसार, आरोपी के कब्जे से चोरी की बाइक बरामद की गई है। पूछताछ में उसने कोतवाली क्षेत्र में बुजुर्ग महिला का मंगलसूत्र छीनने की वारदात भी स्वीकार की है। पुलिस अब उससे अन्य संभावित घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। ऑनलाइन गेमिंग में नुकसान के बाद अपराध के रास्ते पर जाने का यह मामला गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।