सागर स्टेशन पर RPF जवान बना देवदूत, चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसे यात्री की बचाई जान
सागर रेलवे स्टेशन पर एक RPF जवान की सतर्कता और बहादुरी से यात्री की जान बच गई। चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा यात्री अचानक फिसलकर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिरने लगा। खतरा भांपते ही प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी कर रहे RPF जवान ने दौड़ लगाई और यात्री को पकड़कर सुरक्षित बाहर खींच लिया। इस दौरान जवान भी अपना संतुलन खोकर गिर पड़ा, लेकिन उसने यात्री को नहीं छोड़ा।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद जवान की तत्परता चर्चा में है। यह घटना सागर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 की है। जानकारी के मुताबिक, इंदौर के नंदानगर निवासी हरिशंकर गढ़वाल इंदौर-हावड़ा क्षिप्रा एक्सप्रेस से हावड़ा की यात्रा कर रहे थे। शुक्रवार को ट्रेन सागर स्टेशन पहुंची, तो हरिशंकर खाने का सामान लेने के लिए प्लेटफॉर्म पर उतर गए। इसी दौरान ट्रेन चलने लगी। ट्रेन को रवाना होते देख यात्री ने दौड़ लगाई और चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की। लेकिन इसी कोशिश में उनका पैर ट्रेन के पायदान से फिसल गया और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच गिरकर फंसने लगे।
मौके पर मौजूद RPF आरक्षक सूरज कुमार सेन ने जैसे ही यात्री को गिरते देखा, वह तुरंत उनकी ओर दौड़े। बिना समय गंवाए उन्होंने यात्री को पकड़कर प्लेटफॉर्म की ओर खींच लिया। इस दौरान जवान खुद भी गिर पड़े, लेकिन उनकी फुर्ती से यात्री की जान बच गई। घटना के बाद प्लेटफॉर्म पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। रेलवे स्टेशन प्रबंधन भी मौके पर पहुंचा। इसके बाद ट्रेन को रुकवाया गया और यात्री से पूछताछ की गई।
यात्री के सुरक्षित होने की पुष्टि के बाद उन्हें दोबारा ट्रेन में बैठाया गया। इसके बाद यात्री अपनी आगे की यात्रा पर रवाना हो गए। घटना का वीडियो शनिवार को सामने आया, जिसमें RPF जवान की तत्परता और साहस दिखाई दे रहा है। सागर स्टेशन पर RPF जवान सूरज कुमार सेन की मुस्तैदी ने एक बड़ा हादसा टाल दिया। यह घटना यात्रियों के लिए भी सबक है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश जानलेवा साबित हो सकती है। सुरक्षित यात्रा के लिए हमेशा ट्रेन के पूरी तरह रुकने का इंतजार करें।