गुर्जर समाज की महापंचायत, ह त्याओं से लेकर जहरीले केमिकल और रेत खदानों पर मंथन
एमपी के मुरैना में गुर्जर समाज की महापंचायत में समाज से जुड़े कई गंभीर मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई। वनखंडी रोड स्थित गोवर्धन गार्डन में आयोजित महापंचायत में जिलेभर से सैकड़ों लोग शामिल हुए। समाज में बढ़ते विवाद और हत्याओं से लेकर शिक्षा, जहरीले केमिकल और रेत खदानों तक के मुद्दे उठाए गए। वक्ताओं ने समाज को एकजुट और शिक्षित बनाने पर जोर दिया, वहीं प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। महापंचायत के अंत में विभिन्न मांगों को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। महापंचायत में समाज की एकजुटता और आपसी विवादों को समय रहते सुलझाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का संचालन रामकुमार बैसला ने किया। वक्ताओं ने सोशल मीडिया पर बयानबाजी से बचने की अपील करते हुए कहा कि इससे समाज में आपसी वैमनस्य बढ़ सकता है।
समाज में होने वाली हत्याओं और गंभीर विवादों पर चिंता जताते हुए वक्ताओं ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि कई बार छोटे विवादों को समय रहते नहीं सुलझाया जाता, जिससे मामला गंभीर संघर्ष तक पहुंच जाता है। समाज के लोगों ने आपसी बातचीत और समझाइश से विवादों का समाधान निकालने की जरूरत बताई। महापंचायत में शिक्षा को समाज के विकास की सबसे बड़ी कुंजी बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाकर ही समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है। साथ ही पुलिस कार्रवाई को लेकर भी मांग रखी गई कि अपराध में शामिल लोगों पर कानून के अनुसार कार्रवाई हो, लेकिन उनके परिजनों और रिश्तेदारों को बेवजह परेशान नहीं किया जाए।
जरेरुआ और सीतापुर औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्रियों से निकलने वाले कथित जहरीले केमिकल का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि इससे लोगों और मवेशियों को नुकसान हो रहा है। जरेरुआ क्षेत्र में करीब 48 कैंसर मरीज होने का दावा करते हुए समस्या की जांच और स्थायी समाधान की मांग की गई। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। इसके अलावा रेत खदानों का मुद्दा भी उठा। वक्ताओं ने वैध खदानें शुरू कराने की मांग करते हुए कहा कि खदानें बंद होने से मजदूरों, मिस्त्रियों और रेत कारोबार से जुड़े लोगों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। महापंचायत में जनप्रतिनिधियों सहित समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे। अब ज्ञापन के बाद प्रशासन इन मांगों पर क्या कदम उठाता है, इस पर सबकी नजर रहेगी।