वोट बचाओ, देश बचाओ पैदल मार्च, मुख्य चुनाव आयुक्त का फूंका पुतला, जमकर हुआ प्रदर्शन !
इन दिनों देश भर में प्रदर्शन किये जा रहे हैं। इसी को लेकर इंडिया गठबंधन के बैनर तले वोट बचाओ, देश बचाओ पैदल मार्च निकाला गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया। तस्वीरें मुरैना जिले की हैं।
दरसल लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के आख़िरी दिन मुरैना में इंडिया गठबंधन के घटक दलों ने प्रदर्शन किय। जहां नेहरू पार्क, एमएस रोड से शुरू हुआ यह मार्च गांधी मैरिज होम तक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला भी फूंका।
इंडिया गठबंधन के नेताओं ने चुनाव आयोग पर संस्थागत कब्जे का आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उनके खिलाफ मुकदमा चलाने और गिरफ्तारी की मांग की। पैदल मार्च को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मधुराज तोमर ने भाजपा सरकार पर चुनाव आयोग के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार निर्वाचन आयोग को अपना हथियार बनाकर दमनकारी नीतियां लागू कर रही है और जनता के वोट के अधिकार को छीनना चाहती है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन जनता के अधिकारों के लिए सड़क पर संघर्ष जारी रखेगा।
वहीं अंबाह विधायक देवेंद्र सखवार ने भी चुनाव आयोग के फैसलों पर सवाल उठाते हुए तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। तो जौरा विधायक पंकज उपाध्याय ने आरोप लगाया कि देश में लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश की जा रही है संविधान के विपरीत फैसले लिए जा रहे हैं।
गठबंधन के नेताओं ने दावा किया की करोड़ों मतदाताओं को उनके मताधिकार से वंचित किया गया है। कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इसके बाद पुराना बस स्टैंड के पास स्थित मैरिज गार्डन के सामने मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला फूंका गया। कार्यक्रम के आखिर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ पैदल मार्च का समापन किया गया। इस दौरान कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी रही।