एक के बाद एक पांच दुकानों में लगी भीषण आग, सिलेंडर ब्लास्ट से भड़की आग, करोड़ों के नुक्सान का अनुमान!
एक के बाद एक पांच दुकानों में ऐसी भीषण आग लगी की इलाका दहल उठा। लोग अपनी जान बचाने के लिए पाइपों के सहारे नीचे उतरे। वहीं सिलेंडर में ब्लास्ट के बाद आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है। आगजनी की ये घटना राजधानी भोपाल के न्यू मार्केट से सामने आई है। जहां इलाके में अफरा-तफरी मच गयी थी। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस घटना में लाखों-करोड़ों के नुक्सान की बात सामने आई है। हालांकि इसकी पुष्टि होना बाकि है
बताया गया की छोले-भटूरे की दुकान में आग लगी थी जिसने कुछ ही देर में भीषण रूप ले लिया। देखते ही देखते पांच दुकानें चपेट में आ गयी। वहीं 10 से 12 रेहड़ियां भी जलकर खाक हो गईं। सूचना मिलते ही नगर निगम कमिश्नर संस्कृति जैन, महापौर मालती राय, विधायक भगवान दास सबनानी और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
बताया जा रहा है की जब आग ऊपर दूसरी मंजिल तक पहुंची। तब वहां करीब 2 से 3 लोग मौजूद थे। आग तेजी से फैल रही थी जिससे उन्हें नीचे उतरने का मौका नहीं मिला। इसके बाद सभी लोग दूसरी छत पर पहुंचे और पाइप के सहारे नीचे उतरे। इस दौरान कुछ लोगों के घायल होने की बात भी सामने आई।
फायर ब्रिगेड की टीमों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन फिर भी कुछ हिस्सों से लगातार धुआं उठता दिखाई दे रहा था।
मिली जानकारी के मुताबिक आग सबसे पहले बालाजी छोले-भटूरे की दुकान में लगी। इसके बाद कुर्ता-पजामा शॉप, मोबाइल शॉप, चार मंजिला बर्तन की दुकान और रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है की इसकी लपटें करीब 25 फीट तक ऊपर उठ रही थीं।
आगजनी की घटना के बाद व्यापारियों ने निगम की अग्निशमन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किये। उनका कहना था की न्यू मार्केट भोपाल का काफी बड़ा बाजार है जहां कपड़ों समेत अन्य कई दुकानें हैं लेकिन फिर भी यहां स्थाई रूप से दमकल की गाड़ी तैनात नहीं रहती। बाजार की गलियां तंग होने से भी आग बुझाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। व्यापारियों ने बाजार में स्थायी रूप से फायर ब्रिगेड की व्यवस्था करने की मांग की है।
शुरूआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद हो सकेगी। छोले भटूरे की दुकान में दो सिलेंडर रखे हुए थे जिनके ब्लास्ट से आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है।
व्यापारियों की माने तो इस घटना में उन्हे करोड़ों नुक्सान हुआ है क्योंकि दुकानों में दीवाली का स्टॉक भरा था जो आग में जल गया।
फिलहाल इस पूरे मामले की जांच की जा रही है आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है साथ ही वास्तविक नुक्सान और असल वजहों का भी पता लगाया जा रहा है।