Sagar - बुलडोजर से खुदाई कर निकाला छिपा कोबरा, हर बार बिल में छुप जाता था
सागर के मकरोनिया नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड-17 स्थित 72 क्वार्टर इलाके में गुरुवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब घरों के पास एक करीब 5 फीट लंबा कोबरा दिखाई दिया। सांप को देखते ही रहवासियों में दहशत फैल गई। लोगों ने उसे भगाने की कोशिश की, लेकिन कोबरा पास की खाली जगह में बने बिल में घुस गया।
सूचना मिलते ही स्नेक कैचर अकील बाबा मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से गेंती और सब्बल से बिल की खुदाई कर सांप को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन काफी मशक्कत के बाद भी कोबरा हाथ नहीं आया। इसके बाद मामले की सूचना वार्ड पार्षद को दी गई और मौके पर जेसीबी बुलानी पड़ी।
जेसीबी से बिल के आसपास खुदाई शुरू हुई तो कुछ देर बाद कोबरा दिखाई दिया। सांप को देखते ही लोगों की नजरें उसी पर टिक गईं। मौके पर मौजूद स्नेक कैचर अकील बाबा ने सावधानीपूर्वक करीब 5 फीट लंबे कोबरा को पकड़ लिया।
कोबरा के रेस्क्यू होते ही रहवासियों ने राहत की सांस ली। अकील बाबा ने बताया कि पकड़ा गया सांप कोबरा प्रजाति का है। रेस्क्यू के बाद उसे सुरक्षित स्थान पर जंगल में छोड़ दिया जाएगा।