टैंक की सफाई के दौरान नहीं बच सके 4 छात्र, एक एमपी का निवासी, परिवार सदमे में, 1 दिन पहले हुई थी बात
बीते मंगलवार को वृंदावन स्थित गुरुकुल में टैंक की सफाई के दौरान हुए हादसे में चार छात्रों की जान चली गयी थी। इस मामले में एमपी के नरसिंहपुर जिले का एक छात्र भी शामिल है जो ज्योतिष की पढ़ाई कर रहा था। परिजनों इस हादसे से स्तब्ध हैं उनका कहना है की एक ही दिन पहले उनकी अपने बेटे से बात हुई थी इसके बाद उसकी जान जाने की खबर मिली।
बताया गया की वृंदावन के महर्षि पाणिनी गुरुकुल में बीते मंगलवार को टैंक की सफाई के दौरान चार छात्रों की जान चली गई थी। जिसमें एक छात्र गंभीर था। मृतकों में नरसिंहपुर जिले के चीचली ब्लॉक के सुदरास गांव निवासी मनु कटारे उम्र 25 साल भी शामिल है। मनु गुरुकुल में ज्योतिष की पढ़ाई कर रहा था। घटना की खबर के बाद से गांव में शोक का माहौल है। परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक एक दिन पहले ही मनु से फोन पर बात हुई थी। उस समय वह पूरी तरह ठीक था। इसके बाद परिजनों को मनु की तबीयत खराब होने की सूचना मिली। इसके बाद परिजन वृंदावन रवाना हो गए। मनु के भाई भानु कटारे ने बताया की पहले उसकी तबियत खराब की जानकारी मिली थी वहीं मीडिया के माध्यम से जान जाने की खबर मिली। जिसके बाद से परिवार सदमे में है।
बताया गया की मंगलवार रात करीब 10 बजे छात्र पानी के टैंक की सफाई कर रहे थे। सबसे पहले एक छात्र नीचे गया। लेकिन वह जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया। दूसरे छात्रों ने उसे आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। फिर एक के बाद एक 4 छात्र टैंक में उतरे। वे सभी बेहोश हो गए। जिससे गुरुकुलम में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने छात्रों को टैंक से बाहर निकालकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने मनु कटारे, देवांश उम्र 17 साल, विशु 18 साल और आर्यन 18 साल को मृत घोषित कर दिया। जबकि रुद्राक्ष 18 साल की स्थिति गंभीर थी।
घटना के बाद परिजनों ने गुरुकुल प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा की आखिर छात्रों से टैंक की सफाई क्यों कराई गई। सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
बता दें की वृंदावन के गुरुकुल चैतन्य विहार में महर्षि परिणय संस्कृत गुरुकुलम है। यहां संस्कृत की पढ़ाई होती है। वर्तमान में यहां 120 छात्र हैं। इस गुरुकुलम को आशीष गुरुजी चलाते हैं। यहां तीन मंजिला बिल्डिंग में 43 कमरे हैं। ये गुरुकुलम पिछले 3 साल से चल रहा है। फ़िलहाल पूरे घटनाक्रम की जांच पड़ताल की जा रही है।-